जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है. इस वर्ष इसकी थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है. सप्ताह के शुभारंभ पर सोमवार को पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय, जबलपुर में महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं पारदर्शिता बनाए रखने तथा भ्रष्टाचार के उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयास करने की शपथ दिलाई.
महाप्रबंधक ने रेलकर्मियों से अपने कार्यों में ईमानदारी और पारदर्शिता अपनाने, भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने का आह्वान किया. उन्होंने शपथ के माध्यम से कर्मचारियों को जवाबदेह और नैतिक कार्यप्रणाली के प्रति प्रतिबद्ध रहने के लिए प्रेरित किया.
सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य रेलकर्मियों और नागरिकों में नैतिक मूल्यों, सतर्कता तथा भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. इस दौरान सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में अपर महाप्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता एकनाथ मोहकर, प्रमुख मुख्य इलेक्ट्रिकल इंजीनियर मुकेश, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज कुमार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एम. एस. हाशमी, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी मनोज गुरुमुखी, चिकित्सा निदेशक डॉ. अशोक कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार रावत, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविन्द कुमार रजक, प्रमुख वित्त सलाहकार सुधीर कुमार, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार मंडल, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त राजीव कुमार यादव, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एस. डी. पाटीदार और सचिव महाप्रबंधक जे. पी. सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन उप मुख्य सतर्कता अधिकारी अनिल कुमार तिवारी ने किया.
तीनों मंडलों में भी ली गई शपथ
पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सतर्कता की शपथ ली. तीनों मंडलों में 1 नवंबर तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनका उद्देश्य कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा और जवाबदेही को मजबूत करना तथा भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

