रायपुर. छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने मंगलवार सुबह रायपुर और दुर्ग में अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई की. रायपुर के रवि नगर स्थित सुशील विला में जांच के लिए पहुंची टीम का संबंध ज्वेलरी और जमीन कारोबारी नितिन डागा से बताया जा रहा है. वहीं, दुर्ग जिले की ऋषभ कॉलोनी में ट्रांसपोर्ट कारोबारी गुलशन बघेल के आवास पर भी ईडी की टीम ने दबिश दी.
रायपुर के सुशील विला में दस्तावेजों की जांच
जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम दो गाड़ियों से रायपुर के रवि नगर स्थित सुशील विला पहुंची. यहां अधिकारियों ने परिसर के भीतर दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की पड़ताल शुरू की. बताया जा रहा है कि यह ठिकाना कारोबारी नितिन डागा से जुड़ा हुआ है.
प्रारंभिक जानकारी में कार्रवाई को मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित बताया जा रहा है. हालांकि, जांच किस मामले में की जा रही है और किन आरोपों की पड़ताल हो रही है, इस बारे में अभी तक आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
सुबह से जारी है जांच
सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम सुबह से ही सुशील विला में मौजूद रहकर दस्तावेजों की जांच कर रही है. नितिन डागा ज्वेलरी और जमीन के कारोबार से जुड़े बताए जाते हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि जांच सीधे उनके कारोबारी लेनदेन से संबंधित है या किसी अन्य मामले के सिलसिले में कार्रवाई की जा रही है.
दुर्ग में ट्रांसपोर्ट कारोबारी के घर भी पहुंची टीम
रायपुर के साथ दुर्ग जिले में भी ईडी की कार्रवाई की जानकारी सामने आई है. यहां ऋषभ कॉलोनी स्थित ट्रांसपोर्ट कारोबारी गुलशन बघेल के घर पर सुबह टीम पहुंची. गुलशन बघेल को राजनीतिक रूप से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी बताया जाता है.
दोनों स्थानों पर की जा रही कार्रवाई को लेकर जांच एजेंसी की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है. फिलहाल कार्रवाई के कारणों, जांच के दायरे और संभावित बरामदगी के संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

