नई दिल्ली. भारत के पैरा एथलीट नीरज यादव ने सुसाइड कर लिया है. कहा जा रहा है कि उन्होंने अपने घर पर ही जहर खाकर आत्महत्या की. नीरज यादव के सुसाइड की जानकारी भारतीय पैरा-एथलेटिक्स टीम के मुख्य कोच एस सत्यनारायण ने दी. उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना के बारे में पता चला है और यादव का शव अभी भी अस्पताल में है, जहां उनका पोस्टमार्टम किया जा रहा है.
नीरज यादव ने क्यों किया सुसाइड?
भारतीय पैरा-एथलेटिक्स टीम के मुख्य कोच एस सत्यनारायण ने बताया कि नीरज ने आत्महत्या कर ली है और ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. 42 साल के नीरज की आत्महत्या की वजह का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है. नीरज यादव ने इस साल आइची नगोया में हुए एशियाई पैरा खेलों में हिस्सा नहीं लिया था क्योंकि उन पर डोपिंग को लेकर बैन लगा था. कहा जा रहा है कि उस बैन के चलते भी वो तनाव में थे.
नीरज यादव एफ 55 कैटेगरी में खेलते हैं, जिसमें शॉट पुट, चक्का फेंक और भाला फेंक सहित बैठकर की जाने वाली खेल स्पर्धाएं शामिल हैं. मुख्य कोच एस सत्यनारायण ने बताया कि उन्होंने आत्महत्या क्यों की, वो उसकी वजह नहीं जानते. लेकिन अगर आप मुझसे पूछें तो मैं कहूंगा कि एक खिलाड़ी को उतार-चढ़ाव का सामना धैर्य से करना चाहिए. यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होंने इतना कड़ा कदम उठाया.
एशियाई पैरा खेलों में जीते 3 गोल्ड
भारत के प्रतिभाशाली पैरा-एथलीटों में से एक नीरज यादव ने एशियाई पैरा खेलों में तीन गोल्ड मेडल जीते हैं. उन्होंने 2018 में जकार्ता में भाला फेंक में और 2023 में हांगझोउ में भाला फेंक और चक्का फेंक में गोल्ड मेडल जीता था. नीरज को 7 साल की उम्र में पोलियो हो गया था. उन्होंने पहले व्हीलचेयर टेनिस खेलना शुरू किया और फिर पैरा एथलेटिक्स में हाथ आजमाए और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

