शिवपुरी में दिल दहला देने वाली घटना: दो सगी बहनों की मौत, चार बच्चों ने भी गंवाई जान

शिवपुरी में दिल दहला देने वाली घटना: दो सगी बहनों की मौत, चार बच्चों ने भी गंवाई जान

प्रेषित समय :15:54:30 PM / Thu, Oct 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

शिवपुरी. मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक ही दिन दो सगी बहनों और उनके चार बच्चों की मौत से सनसनी फैल गई. बैराड़ थाना क्षेत्र के गूंगरगांव और कोलारस थाना क्षेत्र के सेसई गांव से जुड़ी इन घटनाओं में कुल छह लोगों की जान चली गई. दोनों घटनाओं के पीछे पारिवारिक परिस्थितियों और मानसिक तनाव की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा. इस घटना से दोनों गांवों में शोक का माहौल है.

पति की मौत के सदमे में थी अंजलि

पहली घटना बुधवार दोपहर बैराड़ थाना क्षेत्र के गूंगरगांव की है. यहां 35 वर्षीय अंजलि रावत की अपने छह वर्षीय बेटे प्रशांत के साथ मौत हो गई. अंजलि आठ महीने की गर्भवती थीं. करीब एक महीने पहले सड़क दुर्घटना में उनके पति धरमवीर रावत की मौत हो गई थी. इसके बाद से वह गहरे सदमे और मानसिक तनाव में थीं.

बताया गया कि घटना के समय अंजलि अपनी तीन बेटियों को भी साथ लेकर गई थीं. इसी दौरान एक बेटी ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को छुड़ाया और घर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी. इससे अन्य बच्चों की जान बच गई. इस घटना में अंजलि, उनके बेटे और गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई.

बड़ी बहन की भी तीन बच्चों के साथ मौत

पहली घटना से परिवार और गांव के लोग उबर भी नहीं पाए थे कि बुधवार शाम दूसरी त्रासदी सामने आ गई. अंजलि की 40 वर्षीय बड़ी बहन सीता रावत और उनके तीन बच्चों के शव कोलारस थाना क्षेत्र के सेसई गांव से जुड़े खोंकर गांव के एक खेत में मिले.

सीता के बच्चों की पहचान 14 वर्षीय राखी, 11 वर्षीय प्रियंका और छह वर्षीय श्लोक के रूप में हुई है. बताया गया कि शाम करीब छह बजे तक सीता और बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. खेत पर पहुंचने के दौरान उन्हें चप्पलें दिखाई दीं. कुछ दूरी पर शव मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई की गई.

पुलिस कर रही दोनों मामलों की जांच
एक ही परिवार की दो बहनों और चार बच्चों की मौत से इलाके में शोक की लहर है. पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनाओं से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि मौतों की परिस्थितियों और संभावित कारणों का पता लगाया जा सके.

बैराड़ थाना प्रभारी रवि चौहान के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बचाव का प्रयास किया, लेकिन महिला और बच्चे को नहीं बचाया जा सका. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-