उत्तर कोरिया ने ईस्ट सी में दागीं दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलें, मचा हड़कम्प, दक्षिण कोरिया में अलर्ट जारी

उत्तर कोरिया ने ईस्ट सी में दागीं दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलें, मचा हड़कम्प, दक्षिण कोरिया में अलर्ट जारी

प्रेषित समय :13:40:57 PM / Thu, Oct 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सोल. उत्तर कोरिया ने गुरुवार को ईस्ट सी (पूर्वी सागर) की ओर करीब एक दर्जन बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं. दक्षिण कोरिया की सेना के मुताबिक, ये कम दूरी की मिसाइलें थीं, जिन्हें उत्तर कोरिया के वॉनसन इलाके से प्रक्षेपित किया गया. दक्षिण कोरियाई सेना ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और किसी भी नए मिसाइल परीक्षण को लेकर सतर्कता बरत रही है.

दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) के अनुसार, मिसाइलें स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:30 बजे दागी गईं. इनकी मारक क्षमता और अन्य तकनीकी विशेषताओं का विश्लेषण किया जा रहा है. सेना ने कहा कि इस घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी अमेरिका और जापान के साथ लगातार साझा की जा रही है, ताकि क्षेत्र में मजबूत रक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके.

उत्तर कोरिया का यह कदम 12 अक्टूबर को किए गए मिसाइल परीक्षण के करीब दो सप्ताह बाद सामने आया है. उस समय प्योंगयांग ने सामरिक बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण करने का दावा किया था. उत्तर कोरिया के मुताबिक, यह परीक्षण हथियार प्रणाली के एक महत्वपूर्ण हिस्से की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया था.

उत्तर कोरिया ने 17 अक्टूबर 2026 को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से लैस अपनी नई च्जाम-2.0ज् (जेडएम-2.0) टॉरपीडो हथियार प्रणाली का पानी के भीतर परीक्षण करने का दावा भी किया था. उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए ने अगले दिन इसकी पुष्टि की थी.

रिपोर्ट के मुताबिक, इस टॉरपीडो प्रणाली में लक्ष्य की पहचान करने और उस पर सटीक निशाना साधने के लिए एआई तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. उत्तर कोरिया ने दावा किया कि परीक्षण के दौरान प्रणोदन प्रणाली की दक्षता और रॉकेट प्रणोदन उपकरणों के प्रदर्शन में सुधार से जुड़ी महत्वपूर्ण तकनीकों की पुष्टि हुई. प्योंगयांग के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में इस प्रणाली से संबंधित 180 से अधिक परीक्षण किए जा चुके हैं. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-