रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल, 29 पुलिसकर्मियों के तबादले; महिला थाना और ट्रैफिक विभाग में भी बदली जिम्मेदारी

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल, 29 पुलिसकर्मियों के तबादले; महिला थाना और ट्रैफिक विभाग में भी बदली जिम्मेदारी

प्रेषित समय :16:30:01 PM / Thu, Oct 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. राजधानी रायपुर के पुलिस कमिश्नरेट में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है. पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 29 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की पदस्थापना में बदलाव के आदेश जारी किए हैं. इस फेरबदल में सहायक उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक स्तर के कर्मचारी शामिल हैं. कई पुलिसकर्मियों को एक थाने से दूसरे थाने भेजा गया है, जबकि कुछ को रक्षित केंद्र से विभिन्न थानों और विभागों में नई जिम्मेदारी दी गई है.

जारी आदेश के अनुसार, यातायात विभाग, महिला थाना, महिला पेट्रोलिंग पिंक गश्त, कंट्रोल रूम और पुलिस सहायता केंद्र सहित कई इकाइयों में पदस्थापनाएं बदली गई हैं. आदेश तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से लागू रहेगा.

यातायात विभाग में नई पदस्थापनाएं

पुलिस कमिश्नरेट के फेरबदल में यातायात विभाग को भी प्राथमिकता दी गई है. रक्षित केंद्र में पदस्थ निरीक्षक मनीष तिवारी को यातायात पुलिस कमिश्नरेट में भेजा गया है. वहीं, खम्हारडीह थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक अभय कुमार गणोरकर को यातायात विभाग में नई जिम्मेदारी दी गई है.

इसके के अलावा गुढ़ियारी थाने के प्रधान आरक्षक सियाराम धुर्वे को रामनगर चौकी और रक्षित केंद्र के आरक्षक अजय कुमार लकड़ा को यातायात विभाग में पदस्थ किया गया है.

महिला थाना और पिंक गश्त में बदली जिम्मेदारी

महिला सुरक्षा से जुड़ी इकाइयों में भी बदलाव किए गए हैं. खमतराई थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक ज्योति राजपूत को महिला थाना भेजा गया है. वहीं, महिला पेट्रोलिंग पिंक गश्त में कार्यरत सहायक उपनिरीक्षक स्वलेहा शेख को आमानाका थाने में पदस्थ किया गया है.

आमानाका थाने की सहायक उपनिरीक्षक सरिता यादव को रक्षित केंद्र की महिला पेट्रोलिंग पिंक गश्त में नई जिम्मेदारी दी गई है.

महिला कर्मचारियों की पदस्थापना में भी बदलाव हुआ है. रक्षित केंद्र की महिला प्रधान आरक्षक लेखा अग्रवाल को सिविल लाइन थाना, कोतवाली की महिला प्रधान आरक्षक प्रीति वर्मा को महिला थाना और महिला थाना की महिला प्रधान आरक्षक प्रमीला कुंजाम को कोतवाली भेजा गया है. रक्षित केंद्र की महिला आरक्षक डिगेश्वरी ध्रुव को महिला थाना तथा डीडी नगर की महिला आरक्षक सरस्वती सिन्हा को कंट्रोल रूम में पदस्थ किया गया है.

डीडी नगर, टिकरापारा और तेलीबांधा में भी बदलाव

थाना स्तर पर भी कई पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं. रक्षित केंद्र में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक नागेंद्र कुमार सिंह को खमतराई थाना भेजा गया है, जबकि सरस्वती नगर थाने के सहायक उपनिरीक्षक ऑस्कर केरकेट्टा को रक्षित केंद्र में पदस्थ किया गया है. डीडी नगर थाने के सहायक उपनिरीक्षक राधेलाल साहू को भी रक्षित केंद्र भेजा गया है.

प्रधान आरक्षक रामनारायण पटेल को टिकरापारा से तेलीबांधा थाना, महिला प्रधान आरक्षक चंद्रकला साहू को सिविल लाइन से टिकरापारा और प्रधान आरक्षक खेमराज वर्मा को सिविल लाइन थाने से रक्षित केंद्र स्थित एसीपी सिविल लाइन कार्यालय में पदस्थ किया गया है.

रक्षित केंद्र के आरक्षक दानेश्वर वर्मा और एकेश्वर वर्मा को डीडी नगर थाने में तैनात किया गया है. वहीं, टिकरापारा थाने के आरक्षक प्रमोद सिंह चंदेल को राजेंद्र नगर थाना भेजा गया है.

रक्षित केंद्र से कई आरक्षक थानों में भेजे गए

रक्षित केंद्र में पदस्थ महिला आरक्षक बबीता बांधे को तेलीबांधा, आरक्षक विकास तिवारी को गंज और आरक्षक प्रशांत कुमार साहू को कबीर नगर थाने में पदस्थ किया गया है. कोतवाली थाने के आरक्षक डोमार सिंह देव को आमानाका भेजा गया है, जबकि कंट्रोल रूम की महिला आरक्षक अनिता द्विवेदी को टिकरापारा थाने में नई जिम्मेदारी दी गई है.

इसके अलावा पुलिस सहायता केंद्र कमल विहार में कार्यरत आरक्षक कमलेश दीवान को रक्षित केंद्र भेजा गया है. रक्षित केंद्र के आरक्षक तुकेश्वर कुमार सिन्हा को पुलिस सहायता केंद्र कमल विहार में पदस्थ किया गया है.

प्रधान आरक्षक कामता प्रसाद जांगड़े का पुराना आदेश निरस्त

पदस्थापना आदेश में पहले जारी एक स्थानांतरण आदेश को भी निरस्त किया गया है. प्रधान आरक्षक कामता प्रसाद जांगड़े को डीडी नगर थाने में भेजने का पूर्व आदेश रद्द कर दिया गया है. उन्हें महिला थाने में यथावत रखा गया है.

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं. यह व्यवस्था आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से लागू रहेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-