बेंगलुरु के 5 स्टार होटल के स्वीमिंग पूल में करंट से दो विदेशी नागरिकों की मौत, बचाने पहुंचे अमेरिकी पर्यटक समेत दो घायल

बेंगलुरु के 5 स्टार होटल के स्वीमिंग पूल में करंट से दो विदेशी नागरिकों की मौत, बचाने पहुंचे अमेरिकी पर्यटक समेत दो घायल

प्रेषित समय :16:03:25 PM / Sat, Oct 31st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

बेंगलुरु. कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक पांच सितारा होटल के स्वीमिंग पूल में करंट फैलने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई. हादसे में उन्हें बचाने की कोशिश करने वाले एक अमेरिकी पर्यटक और होटल के पूल अटेंडेंट भी बिजली के झटके से घायल हो गए. दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार शाम शहर के हलासुरु (उल्सूर) इलाके में स्थित एक होटल की है. होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्वीमिंग पूल में दो विदेशी नागरिक तैर रहे थे, तभी अचानक उन्हें बिजली का झटका लगा. करंट की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

जर्मनी और स्लोवाकिया के नागरिकों की मौत

मृतकों की पहचान जर्मनी के 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थाइस और स्लोवाकिया के 45 वर्षीय जुराज होर्वात के रूप में हुई है. थाइस लुफ्थांसा एयरलाइन के चालक दल के सदस्य थे, जबकि होर्वात आईबीएम में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे. दोनों होटल में ठहरे हुए थे.

पुलिस के अनुसार, दोनों को बचाने के लिए होटल में पर्यटक के रूप में ठहरे 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसेंटिस और 28 वर्षीय पूल अटेंडेंट एवं लाइफगार्ड राहुल तिवारी ने प्रयास किया. इस दौरान वे भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए.

चारों को तत्काल मणिपाल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों घायलों का उपचार शुरू किया. अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिकी नागरिक और होटल कर्मचारी की हालत खतरे से बाहर है.

हादसे के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी में स्वीमिंग पूल में बिजली का करंट फैलने को हादसे की वजह माना जा रहा है. हालांकि, यह पता नहीं चल पाया है कि पूल में करंट कैसे पहुंचा. पुलिस बिजली के उपकरणों, पूल की लाइटिंग और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि होटल की सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक तो नहीं हुई.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-