हरदीप सिंह पुरी ने भरा राज्यसभा का नामांकन, सीएम बोले- एमपी को दिवाली की सौगात

हरदीप सिंह पुरी ने भरा राज्यसभा का नामांकन, सीएम बोले- एमपी को दिवाली की सौगात

प्रेषित समय :15:38:09 PM / Sat, Oct 31st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

भोपाल. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा सदस्य के लिए शुक्रवार को विधानसभा में नामांकन दाखिल किया. इस दौरान उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी. नामांकन से पहले पुरी करुणाधाम आश्रम पहुंचे और इसके बाद गुरुद्वारे में मत्था टेका. नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पुरी के व्यापक प्रशासनिक अनुभव का लाभ मध्यप्रदेश को मिलेगा.

चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद मीडिया से करेंगे बात
28 अक्टूबर को मध्यप्रदेश की रिक्त राज्यसभा सीट के लिए भाजपा ने हरदीप सिंह पुरी के नाम की घोषणा की थी. शुक्रवार को उन्होंने विधानसभा में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, नरेंद्र शिवाजी पटेल और भाजपा नेता प्रभुराम चौधरी सहित अन्य नेता मौजूद रहे.

नामांकन के बाद पुरी ने मीडिया से बातचीत नहीं की. उन्होंने ईटीवी भारत से कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद वे मीडिया से चर्चा करेंगे.

पुरी के अनुभव से प्रदेश को मिलेगा लाभ : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दीपावली से पहले हरदीप सिंह पुरी के रूप में मध्यप्रदेश को बड़ी सौगात मिली है. उन्होंने बीना रिफाइनरी और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश को कई महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं. उनका व्यापक प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता मध्यप्रदेश के विकास में भी उपयोगी साबित होगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरी ने केंद्र सरकार में मंत्री और कुशल प्रशासक के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है. उनके जैसे अनुभवी और वरिष्ठ नेतृत्व का साथ मिलना प्रदेश के लिए प्रसन्नता और सौभाग्य की बात है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-