कंटेनर में ओडिशा से मैहर जा रहा था 4 करोड़ का गांजा, जबलपुर में पुलिस ने पकड़ा, दो तस्कर गिरफ्तार, पेंट के डिब्बों के बीच छिपाई थीं 28 बोरियां

कंटेनर में ओडिशा से मैहर जा रहा था 4 करोड़ का गांजा, जबलपुर में पुलिस ने पकड़ा, दो तस्कर गिरफ्तार, पेंट के डिब्बों के बीच छिपाई थीं 28 बोरियां

प्रेषित समय :15:49:27 PM / Sat, Oct 31st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गोसलपुर पुलिस ने देर रातदो बजे के लगभग गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 871 किलो 95 ग्राम गांजा जब्त किया है. इसकी कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपए बताई गई है. तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए कंटेनर में रखे 412 पेंट के डिब्बों के बीच गांजे की 28 बोरियां छिपा रखी थीं. कार्रवाई में जबलपुर पुलिस के साथ उत्तर प्रदेश के झांसी की नारकोटिक्स विंग भी शामिल रही.

क्राइम ब्रांच और गोसलपुर पुलिस की संयुक्त टीम एनएच-30 पर पेट्रोलिंग कर रही थी. इसी दौरान मुस्करा मोड़ के पास तेज रफ्तार से जा रहे एक संदिग्ध कंटेनर पर पुलिस की नजर पड़ी. पुलिस ने उसका पीछा किया और मोहतरा टोल के पास घेराबंदी कर कंटेनर को रोक लिया. कंटेनर में सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया.

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 871 किलो 95 ग्राम गांजा, पेंट के 412 डिब्बे और तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर जब्त किया है. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब गांजा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है.

पेंट के 412 डिब्बों के बीच छिपाई थीं गांजे की 28 बोरियां-

तलाशी के दौरान कंटेनर में पेंट के 412 डिब्बों के साथ 28 बोरियां मिलीं. इन बोरियों में खाकी रंग के टेप से पैक गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे. तौल करने पर कुल 871 किलो 95 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपए आंकी गई है.

एक लाख रुपए में गांजे की खेप पहुंचाने का सौदा-

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी 45 वर्षीय धर्मवीर सिंह और पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर निवासी 24 वर्षीय विक्रम करमाकर के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में कंटेनर चालक धर्मवीर सिंह ने बताया कि ओडिशा के बलांगीर निवासी प्रभात साहू के कहने पर वह गांजे की खेप मध्य प्रदेश लेकर आया था. इसके बदले उसे एक बार गांजा पहुंचाने के लिए एक लाख रुपए मिलने थे. आरोपी के मुताबिक, 27 अक्टूबर को उसने प्रभात साहू के यहां से गांजे की 28 बोरियां कंटेनर में लोड की थीं. इन्हें मैहर पहुंचने से पहले एक जियो पेट्रोल पंप के पास उतारना था.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-