बिहार- सीटें गायब, फिर भी दौड़ रही मेमू ट्रेन, यात्रियों की परेशानी बढ़ी, रेलवे की व्यवस्था पर उठे सवाल

बिहार- सीटें गायब, फिर भी दौड़ रही मेमू ट्रेन, यात्रियों की परेशानी बढ़ी, रेलवे की व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रेषित समय :12:50:43 PM / Sun, Nov 1st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

पटना. बिहार की राजधानी पटना से यात्रियों की परेशानी बढ़ाने वाला मामला सामने आया है. दानापुर में आरा-पटना मेमू ट्रेन की कई बोगियों से सीटें गायब हैं. ट्रेन संख्या 63214 में सीटों की जगह केवल लोहे का ढांचा बचा है. इसके बावजूद ट्रेन का संचालन जारी है. नतीजतन, रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है. बुजुर्गों, महिलाओं और लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है. आशंका जताई जा रही है कि बोगियों से सीटें चोरी कर ली गई हैं.

सीटें गायब, खड़े होकर सफर करने को मजबूर यात्री

आरा-पटना मेमू ट्रेन से रोजाना बड़ी संख्या में लोग नौकरी, कारोबार और अन्य जरूरी कामों के लिए सफर करते हैं. ट्रेन में पहले से ही भीड़ रहती है और कई बार देरी से संचालन के कारण यात्रियों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं. ऐसे में कई बोगियों से सीटें गायब होने और कुछ सीटें टूटी होने से समस्या और गंभीर हो गई है. यात्रियों का कहना है कि पूरा किराया देने के बावजूद उन्हें बैठने की सुविधा नहीं मिल रही. कुछ यात्रियों ने बताया कि लगातार दो दिनों तक ट्रेन में सीटों की यही स्थिति देखने को मिली, लेकिन शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ.

रेलवे ने जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा

यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से जल्द सीटें लगवाने और बोगियों की नियमित जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि सीटों के अभाव में खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है. मामले में दानापुर मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार ने ट्रेन में सीटों की ऐसी स्थिति को गलत बताया. उन्होंने मामले की जांच कराने और व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया. साथ ही कहा कि ऐसी स्थिति वाली बोगी को ट्रेन से हटाया जाएगा

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-