जबलपुर. एमपी के जबलपुर बरगी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए पवन बस से आ रहे एक युवक के पास से 7 किलो 158 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है. जप्त किए गए मादक पदार्थ की अंतराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3 लाख 58 हजार रुपये आंकी गई है. इस कार्रवाई से नशे के सौदागरों में हड़कंप मच गया है.
थाना प्रभारी बरगी नीलेश दोहरे ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए बताया कि क्राइम ब्रांच को मुखबिर ने बताया कि एक संदिग्ध युवक, जिसकी उम्र लगभग 22 से 25 वर्ष है और जिसने काले रंग की जैकेट व ग्रे रंग की पैंट पहन रखी है, वह सिवनी की ओर से आ रही पवन बस में सवार होकर बरगी की तरफ आ रहा है. युवक के पास भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ (गांजा) मौजूद है. जिसके चलते नेशनल हाईवे-34 पर स्थित सागर ढाबा के पास वाहन चेकिंग शुरू कर दी. कुछ ही देर बाद सिवनी की तरफ से आती हुई पवन बस वहां से गुजरी. पुलिस ने बिना देर किए मुस्तैदी दिखाते हुए बस को रोक लिया और अंदर प्रवेश किया. बस के भीतर ठीक उसी हुलिए का एक युवक बैठा मिला, जिसकी जानकारी मुखबिर ने दी थी.
पुलिस ने जब उससे कड़ाई से नाम और पता पूछा, तो उसने घबराते हुए अपना नाम दीपक पिता सरमन बर्मन, उम्र 23 वर्ष, निवासी प्रेमासागर झंडा चौक, हनुमानताल को पकड़ा. जिसके पास से पीठू बैग और एक प्लास्टिक की पन्नी के अंदर सनसनीखेज बरामदगी हुई. बैग के भीतर 4 अलग-अलग पैकेटों में अवैध गांजा भरा हुआ था. पुलिस ने गांजे के साथ-साथ आरोपी के कब्जे से एक वीवो कंपनी का मोबाइल भी जप्त कर लिया है. पुलिस ने आरोपी दीपक बर्मन के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. अब पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि उक्त गांजा वह कहां से लेकर आ रहा था और जबलपुर में इसे किसे सप्लाई किया जाना था.
इस सनसनीखेज और सफल कार्रवाई को अंजाम देने में बरगी थाने और क्राइम ब्रांच की टीम का विशेष योगदान रहा. थाना प्रभारी बरगी श्री नीलेश दोहरे के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक अनिल कुमार, सहायक उप निरीक्षक सोमनाथ अहिरवार, प्रधान आरक्षक होमन लाल, आरक्षक राजेश मेहरा और सुधीर कुमार सिंह ने अहम भूमिका निभाई. वहीं, अपराध थाना प्रभारी श्री शैलेष मिश्रा के निर्देशन में क्राइम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डे, प्रधान आरक्षक अटल जंघेला, आरक्षक राजेश मिश्रा, राजेश माथरे और रंजीत यादव की अहम भूमिका रही.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

