क्राइस्टचर्च. भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेले जा रहे पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम ने पहली पारी में 346 रन बनाए। इसके जवाब में न्यूजीलैंड ए ने रविवार को दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट के नुकसान पर 218 रन बना लिए हैं। मेजबान टीम अभी भी भारत ए के पहली पारी के स्कोर से 128 रन पीछे है।
ध्रुव जुरेल ने 105 रन की पारी खेलकर संभाली पारी
भारत ए की ओर से कप्तान ध्रुव जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 171 गेंदों पर 105 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उन्होंने करीब चार घंटे सात मिनट तक क्रीज पर टिककर बल्लेबाजी की और टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला।
जुरेल ने अपने फर्स्ट क्लास करियर का आठवां शतक पूरा किया। उनकी इस पारी ने भारतीय टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
आकाश दीप ने 9वें नंबर पर लगाया अर्धशतक
भारत ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। एक समय टीम ने महज 137 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद जुरेल ने पहले मानव सुथार और फिर आकाश दीप के साथ महत्वपूर्ण साझेदारियां कीं।
जुरेल और मानव सुथार ने सातवें विकेट के लिए 97 गेंदों पर 62 रन जोड़े। इसके बाद आकाश दीप के साथ आठवें विकेट के लिए 142 गेंदों पर 75 रन की साझेदारी हुई। आकाश दीप ने नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 68 रन बनाए। यह उनका फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अब तक का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर है।
भारत ए ने दूसरे दिन 291 रन पर सात विकेट के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया था, लेकिन टीम अपने खाते में 55 रन जोड़कर बाकी तीन विकेट गंवा बैठी।
पहले दिन पडिक्कल ने भी खेली थी 80 रन की पारी
मुकाबले के पहले दिन देवदत्त पडिक्कल ने 80 रन बनाकर भारतीय पारी को मजबूती दी थी। वहीं ध्रुव जुरेल 99 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। यशस्वी जायसवाल इस पारी में भी खाता नहीं खोल सके और पहले ओवर में फ्रैजर शीट की गेंद पर आउट हो गए।
न्यूजीलैंड ए ने दूसरे दिन बनाए 218 रन
346 रन के जवाब में न्यूजीलैंड ए ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 218/3 का स्कोर बना लिया है। टीम की नजर अब पहली पारी में भारत के स्कोर की बराबरी करने और बढ़त हासिल करने पर होगी। तीसरे दिन का खेल मुकाबले की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण रहेगा।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

