जबलपुर. एमपी के जबलपुर में 2 नवंबर को एक विशाल पदयात्रा का आयोजन होने जा रहा है. इस ऐतिहासिक और भव्य जनयात्रा में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल मुख्य रूप से शिरकत करेंगे.
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सुबह 07.30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से जबलपुर के लिए उड़ान भरेंगे. वे सुबह 09.20 बजे जबलपुर के डुमना विमानतल पर उतरेंगे. इसके बाद दोपहर 02.30 बजे वे शहर के प्रमुख तीन पत्ती चौक पहुँचेंगे. यहां वे लोकतंत्र बचाओ, आपातकाल हटाओ" विषय पर केंद्रित एक विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे. इस दौरान वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठकों में भी उपस्थित रहकर दिशा-निर्देश देंगे. लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने पूरे आयोजन की जानकारी साझा करते हुए बताया कि पदयात्रा का शुभारंभ दोपहर 03:00 बजे शहर के ऐतिहासिक शहीद स्मारक से होगा. यह जनयात्रा शहर के मुख्य व्यावसायिक एवं व्यस्त मार्गों से होकर गुजरेगी.
शहीद स्मारक से शुरू होकर पदयात्रा बड़ा फुहारा, अंधेरदेव, मालवीय चौक और करमचंद चौक से होते हुए पुन: शहीद स्मारक पर पहुँचकर संपन्न होगी. लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने जबलपुर एवं आसपास के क्षेत्र के सभी नागरिकों, प्रबुद्धजनों और कार्यकर्ताओं से इस विशाल आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है. आयोजन को लेकर शहरभर में उत्साह का माहौल है और प्रशासन ने यातायात व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

