पंजाब : फिरोजपुर में रहस्यमय हालात में 3 बच्चों की मौत, दूध पीने के बाद मुंह से निकला झाग

पंजाब : फिरोजपुर में रहस्यमय हालात में 3 बच्चों की मौत, दूध पीने के बाद मुंह से निकला झाग

प्रेषित समय :15:23:16 PM / Sun, Nov 1st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

फिरोजपुर. पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव मोहरे वाला में तीन बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में मातम और दहशत फैल गई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ी और उनके मुंह से झाग निकलने लगी. इसके बाद वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े. मृतकों में एक ही परिवार के दो बच्चे और दूसरे परिवार का एक बच्चा शामिल बताया जा रहा है. घटना के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें जांच में जुट गई हैं.

जानकारी के अनुसार, गांव की रहने वाली मनदीप कौर ने बताया कि उसने अपने तीनों बच्चों के साथ खुद भी रोटी-सब्जी खाई थी और दूध पिया था. खाना खाने के कुछ समय बाद उसके छह और सात साल के दो बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. दोनों के मुंह से झाग निकलने लगी और उनकी हालत गंभीर हो गई. परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. मृतक बच्चों की पहचान गुरमीत और सुखजीत के रूप में हुई है.

मनदीप कौर के मुताबिक, उसने और उसके एक बेटे ने भी वही दूध पिया था, लेकिन उनकी तबीयत पर कोई असर नहीं पड़ा. दूसरी तरफ, गांव में आशंका जताई जा रही है कि दूध पीने के बाद ही बच्चों की हालत बिगड़ी. इसी बीच गांव के एक अन्य बच्चे के बेहोश होने और एक और बच्चे की मौत की सूचना भी सामने आई है. हालांकि, इन घटनाओं के पूरे तथ्यों और आपसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है.

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव पहुंच गईं. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है. मृतक दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में करवाया जाएगा.

फिलहाल बच्चों की मौत के पीछे दूध, भोजन या किसी अन्य कारण की पुष्टि नहीं हुई है. अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-