यूपी में दर्दनाक हादसा : ट्रेलर और कार के बीच जबरदस्त भिड़ंत, कार के उड़े परखच्चे, 6 लोगों की मौत

यूपी में दर्दनाक हादसा : ट्रेलर और कार के बीच जबरदस्त भिड़ंत, कार के उड़े परखच्चे, 6 लोगों की मौत

प्रेषित समय :10:50:00 AM / Mon, Nov 2nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कुशीनगर. उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में नेशनल हाईवे-28 पर एक मारुति ओमनी कार और भारी ट्रेलर के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में छह लोगों की मौके पर ही जान चली गई. वहीं, बाराबंकी में तेज रफ्तार एसयूवी ने दो बाइकों को रौंद दिया, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई. इसके अलावा मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर दो डबल डेकर बसों और कैंटर की भिड़ंत में आधा दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए.

मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार

कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एनएच-28 पर थरुआडीह के समीप देर रात यह दिल दहला देने वाली दुर्घटना घटी. मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग रिश्तेदारी में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शरीक होकर वापस अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही उनकी ओमनी कार थरुआडीह के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से उसकी भीषण भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी प्रचंड थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई. हादसे में छह लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. मृतकों में कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव भलुही के एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं.

दो घायलों की हालत नाजुक, गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार को काटकर मृतकों के शवों और घायलों को बाहर निकाला. दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

बाराबंकी में भंडारे में जा रहे 3 दोस्तों को एसयूवी ने कुचला

उधर, बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम एक अन्य दर्दनाक हादसे में तीन किशोरों की जान चली गई. बैसनपुरवा गांव के पास राजमार्ग पार करते समय तेज रफ्तार अनियंत्रित एसयूवी ने दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी. भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि एक बाइक करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई. हादसे में भंडारे का प्रसाद लेने जा रहे अनूप (18), विमलेश (19) और अनिल यादव (17) की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गया प्रसाद (17) जिंदगी और मौत से जूझ रहा है. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया और एसयूवी चालक की पिटाई कर दी. पुलिस ने बमुश्किल चालक को बचाकर हिरासत में लिया और जाम खुलवाया.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-