जबलपुर. शहर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब अधिवक्ता भी सुरक्षित नहीं हैं. रविवार देर रात बदमाशों ने हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता पर जानलेवा हमला कर दिया. पहले फोन कर उन्हें कार्यालय से बाहर बुलाया और फिर हथियारों के दम पर रुपए मांगे. इनकार करने पर धारदार हथियार से सिर पर वार किया. जमीन पर गिरने के बाद बेसबॉल और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा. हमले में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना से अधिवक्ताओं में आक्रोश है.
जानकारी के अनुसार, शिव नगर निवासी अधिवक्ता राबिन जैन रविवार रात करीब 12:30 बजे अपने कार्यालय में काम कर रहे थे. इसी दौरान विजय ठाकुर का उनके मोबाइल पर फोन आया और उन्हें बाहर बुलाया. जैसे ही राबिन कार्यालय से बाहर निकले, वहां विजय ठाकुर के साथ बिरजू, बिट्टू पांडे और अन्य युवक मौजूद मिले. आरोपियों ने उन्हें घेरकर रुपए मांगे. विरोध करने पर धारदार हथियार से उनके सिर पर हमला कर दिया. इसके बाद बेसबॉल और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की. वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
साथी अधिवक्ताओं ने अस्पताल पहुंचाया
हमले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर पहुंचे और घायल राबिन को जिला अस्पताल पहुंचाया. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. अधिवक्ता रोहित कुरैल ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिवक्ता पर इस तरह हमला होना गंभीर मामला है. उन्होंने चेतावनी दी कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर अधिवक्ता कोतवाली थाने का घेराव करेंगे.
आरोपियों पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज होने का दावा
घायल अधिवक्ता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. राबिन जैन ने पुलिस को बताया कि हमला करने वाले आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ शहर के कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं. उन्होंने आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण मिलने का आरोप भी लगाया है. पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

