छठ पूजा से पहले रांची में सफाई और सुरक्षा का मेगा प्लान, 72 घाटों पर 1200 सफाईकर्मी संभालेंगे मोर्चा

छठ पूजा से पहले रांची में सफाई और सुरक्षा का मेगा प्लान, 72 घाटों पर 1200 सफाईकर्मी संभालेंगे मोर्चा

प्रेषित समय :17:01:21 PM / Tue, Nov 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रांची. लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम ने शहर में तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए शहर के 72 छठ घाटों पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. घाटों की सफाई के लिए 1200 से अधिक सफाई मित्रों को लगाया गया है, जबकि रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए विद्युत शाखा की 25 टीमें मैदान में उतारी गई हैं.

व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए नगर निगम ने सभी घाटों को आठ जोन में विभाजित किया है. प्रत्येक जोन की निगरानी के लिए अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है. इसमें सहायक नगर आयुक्त से लेकर स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, सैनिटरी इंस्पेक्टर और वार्ड स्तर के पर्यवेक्षक शामिल हैं.

घाटों और रास्तों पर जगमगाहट के लिए 25 टीमें सक्रिय

छठ के दौरान सुबह और शाम अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं. इसे देखते हुए नगर निगम की विद्युत शाखा को घाटों के साथ वहां तक जाने वाले रास्तों पर भी रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया है.

इसके लिए 25 विशेष टीमें लगाई गई हैं. ये टीमें खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करने के साथ जरूरत के अनुसार अतिरिक्त लाइट लगाने का काम करेंगी.

पेड़ों की छंटाई से लेकर रास्तों की सुरक्षा तक इंतजाम

घाटों के आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही में बाधा न आए, इसके लिए हॉर्टिकल्चर शाखा की दो टीमें पेड़ों की छंटाई कर रही हैं. सूखी और खतरनाक शाखाओं को हटाया जा रहा है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना की आशंका कम की जा सके.

नगर निगम अधिकारियों को पूजा समितियों के साथ संपर्क बनाए रखने और उनके सुझावों के आधार पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं.

गहरे पानी वाले हिस्सों में लगाई जाएगी बैरिकेडिंग

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर उन स्थानों की पहचान की जा रही है, जहां पानी अधिक गहरा है. ऐसे हिस्सों को बांस-बल्लियों और रिबन के माध्यम से घेरा जाएगा, ताकि लोग गलती से जोखिम वाले क्षेत्रों में प्रवेश न करें.

अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने अधिकारियों को तैयारियों की नियमित समीक्षा और कार्यों की निगरानी करने को कहा है. किसी भी समस्या या शिकायत के लिए नगर निगम ने 24 घंटे की हेल्पलाइन शुरू की है. श्रद्धालु 18005701235 पर संपर्क कर सकते हैं.

मशीनों से तालाबों और घाटों की सफाई

सफाई अभियान में आधुनिक मशीनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है. वार्ड 38 के धुर्वा छोटा डैम में वीड हार्वेस्टिंग मशीन के जरिए जलकुंभी और जलीय खरपतवार हटाए जा रहे हैं.

वहीं, वार्ड 47 के नामकुम स्थित स्वर्णरेखा घाट पर दो पोकलेन मशीनों से जमा गाद निकाली जा रही है. शहर के अन्य तालाबों की सफाई के लिए चार जेसीबी और स्किड लोडर मशीनों को भी काम पर लगाया गया है.

नगर निगम का प्रयास है कि छठ महापर्व शुरू होने से पहले सभी प्रमुख घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-