बिहार में 1 करोड़ की विदेशी शराब जब्त, कागज की बोरियों के नीचे छिपाए थे 1200 कार्टन, चालक गिरफ्तार

बिहार में 1 करोड़ की विदेशी शराब जब्त, कागज की बोरियों के नीचे छिपाए थे 1200 कार्टन, चालक गिरफ्तार

प्रेषित समय :17:36:38 PM / Wed, Nov 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुजफ्फरपुर. बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से करीब 1200 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है. जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है. तस्करों ने पुलिस और उत्पाद विभाग की नजरों से बचने के लिए शराब को कागज और कॉटन के टुकड़ों से भरी बोरियों के नीचे छिपा रखा था. मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है.

गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग ने की छापेमारी

जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि पंजाब नंबर के एक ट्रक में विदेशी शराब की बड़ी खेप मुजफ्फरपुर लाई जा रही है. सूचना मिलते ही एएसआई नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई.

इसके बाद टीम ने बेला फेज-2 स्थित नारायणपुर इंडस्ट्रियल एरिया रोड पर छापेमारी की. यहां सड़क किनारे एक संदिग्ध ट्रक खड़ा मिला. जांच के दौरान ट्रक चालक भी मौके पर मौजूद था.

कागज की बोरियों के नीचे मिला शराब का जखीरा

शुरुआत में चालक ने अधिकारियों को बताया कि ट्रक में ट्रांसपोर्ट से जुड़ा सामान भरा हुआ है. हालांकि, पूछताछ के दौरान उसने शराब की खेप होने की जानकारी दी.

इसके बाद अधिकारियों ने ट्रक का पिछला हिस्सा खुलवाया. अंदर कागज और कॉटन के टुकड़ों से भरी बोरियां रखी हुई थीं. जब इन बोरियों को हटाया गया तो उनके नीचे बड़ी संख्या में विदेशी शराब के कार्टन मिले. ट्रक से करीब 1200 कार्टन शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है.

पंजाब से बिहार लाई गई थी शराब की खेप

गिरफ्तार चालक की पहचान पंजाब के फतेहगढ़ जिले के खमानोल निवासी मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने बताया कि वह पंजाब से शराब लेकर मुजफ्फरपुर पहुंचा था.

चालक के मुताबिक, शराब को अलग-अलग स्थानों पर उतारने की योजना थी. उसे बेला इलाके में ट्रक रोकने के निर्देश मिले थे. यहां मुख्य शराब कारोबारी के पहुंचने के बाद ट्रक उसके हवाले किया जाना था. इस काम के बदले चालक को 10 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी.

मुख्य तस्करों की तलाश में जुटा उत्पाद विभाग

उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर ट्रक को जब्त किया गया है. बरामद शराब की गिनती और अन्य विवरणों का मिलान कराया जा रहा है.

गिरफ्तार चालक से पूछताछ के आधार पर शराब मंगाने वाले मुख्य कारोबारी और स्थानीय तस्करों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वहीं, तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-