रायपुर. छत्तीसगढ़ को आने वाले वर्षों में देश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल करने की तैयारी है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि नक्सलवाद के अवरोध से बाहर निकलने के बाद प्रदेश में पर्यटन विकास की नई संभावनाएं सामने आई हैं. प्राकृतिक खूबसूरती, विशाल जलप्रपात, घने जंगल, जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित कर सकते हैं.
नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह और राज्य अलंकरण सम्मान कार्यक्रम में अमित शाह ने यह बात कही. उन्होंने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद के कारण बस्तर समेत प्रदेश के कई इलाकों में पर्यटन गतिविधियों का अपेक्षित विस्तार नहीं हो पाया. अब शांति और सुरक्षा का माहौल बेहतर होने से पर्यटन के साथ उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे.
चित्रकोट और तीरथगढ़ जैसे पर्यटन स्थलों पर बढ़ेगा फोकस
अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने की भरपूर क्षमता है. चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, मां दंतेश्वरी मंदिर और मां बम्लेश्वरी मंदिर जैसे स्थल पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं.
उन्होंने विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया जा सकता है. पर्यटन गतिविधियों के बढ़ने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और हस्तशिल्प व पारंपरिक उत्पादों को भी नए बाजार उपलब्ध होंगे.
बस्तर की जनजातीय संस्कृति बनेगी पर्यटन की ताकत
गृह मंत्री ने कहा कि बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता के साथ वहां की जनजातीय जीवनशैली, खानपान, पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और हस्तशिल्प पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण बन सकते हैं.
उन्होंने बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि इनके माध्यम से जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत और खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिल रही है. पंथी, पंडवानी, राउत नाचा, करमा और सैला जैसे लोकनृत्य भी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को विशिष्ट बनाते हैं.
महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी
राज्योत्सव के समापन समारोह में अमित शाह ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण सम्मान प्रदान किए. इस दौरान महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त भी जारी की गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की.
अगले 10 साल में समृद्ध होगा छत्तीसगढ़
अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद के भय और हिंसा से निकलकर शांति, विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से प्रदेश में विकास की नई संभावनाएं तैयार हो रही हैं.
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य का गठन उनकी दूरदर्शिता का परिणाम था. शाह ने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे विकसित करने का काम हो रहा है.
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले 10 वर्षों में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा के साथ यहां के नागरिक भी आर्थिक रूप से समृद्ध और खुशहाल होंगे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

