जनरल स्टोर्स से हो रही पटाखों की बिक्री, जबलपुर के ग्वारीघाट क्षेत्र में पुलिस की दबिश

जनरल स्टोर्स से हो रही पटाखों की बिक्री, जबलपुर के ग्वारीघाट क्षेत्र में पुलिस की दबिश

प्रेषित समय :15:32:11 PM / Wed, Nov 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में ग्वारीघाट स्थित पोलीपाथर क्षेत्र में पुलिस ने  गुरुनानक जनरल स्टोर्स पर छापा मारकर भारी मात्रा में पटाखे जब्त किए है.  बिना लाइसेंस के घनी आबादी वाले क्षेत्र में इस तरह पटाखों का भंडारण और विक्रय किया जा रहा था, जिससे आसपास के रहवासियों की जान को बड़ा खतरा पैदा हो गया था.

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्वारीघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पोलीपाथर में डॉक्टर बोस के सामने स्थित गुरुनानक जनरल स्टोर का संचालक अपनी दुकान में अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थ और पटाखे बेच रहा है. दुकान पर भारी भीड़ भी एकत्रित थी. पुलिस ने बिना देर किए बताए गए स्थान पर दबिश दी. पुलिस दल ने जब्ती और जांच की कार्रवाई के दौरान पाया कि वास्तव में दुकान के अंदर एक व्यक्ति धड़ल्ले से ग्राहकों को पटाखे बेच रहा था. पूछताछ करने पर उस व्यक्ति ने अपना नाम नरेश पंजवानी उम्र 50 वर्ष निवासी अवधपुरी कॉलोनी, ग्वारीघाट बताया.

पुलिस ने जब आरोपी नरेश पंजवानी से दुकान में पटाखे रखने और उनकी बिक्री करने के संबंध में वैध अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) या अनुमति पत्र की मांग की, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका. चूंकि यह दुकान पूरी तरह से एक रहवासी इलाके में स्थित थी, जहां आसपास लोगों के रिहायशी मकान और आवाजाही रहती है, ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखना और बेचना कानूनन गंभीर अपराध है.

पुलिस ने जब्त किए पटाखे-

पुलिस ने मौके से 1 कार्टून में 7 पैकेट फूलझड़ी, 1 बोरी में 3 पैकेट रॉकेट,
40 नग अनार, 5 पैकेट पिंक लिंग कलर, 2 पैकेट नुकीला बम, 55 पैकेट कमांडो पटाखे, 52 नग बिजली क्रैकर, 20 नग छुरछुरी, 10 नग प्लाबर पोर्ट और 20 नग छोटा प्लाबर, 65 नग सुपर डिलेक्स बम, 55 नग सुपर किंग बम,  70 नग सुपर जाइंट बम, 5 नग रैगो पटाखा, 1 नग रेड ब्लास्ट जब्त किए है. पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 8/9 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

इनकी रही सराहनीय भूमिका-

जनरल स्टोर्स से पटाखा जब्त करने सहायक उप निरीक्षक के.के. पांडे, आरक्षक सूरज तथा दीपक राजावत की सराहनीय भूमिका रही. पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास भी इस प्रकार अवैध रूप से विस्फोटक या पटाखे बेचे जा रहे हैं, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि किसी भी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-