इंदौर. खरड़ू बड़ी से पारा रोड पर सीमेंट से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी गुमटी और खड़ी बाइक को टक्कर मारने के बाद खाई में पलट गया. हादसे के दौरान ट्रैक्टर में लदी सीमेंट की बोरियां एक बच्चे के ऊपर गिर गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बोरियां हटाकर बच्चे को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.
गुमटी में घुसा ट्रैक्टर, बाइक के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीमेंट की बोरियों से भरा ट्रैक्टर खरड़ू बड़ी से पारा की ओर जा रहा था. उमरिया फाटक के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. ट्रैक्टर सड़क किनारे बनी एक गुमटी में जा घुसा. इस दौरान वहां खड़ी मोटरसाइकिल भी उसकी चपेट में आ गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
खाई में पलटने से बोरियों के नीचे दबा बच्चा
गुमटी और बाइक को टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर चालक ने वाहन लेकर आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पास की खाई में पलट गया. पलटते ही ट्रैक्टर में लदी सीमेंट की बोरियां नीचे गिर गईं और बच्चा उनके नीचे दब गया.
हादसे के बाद आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे. उन्होंने मिलकर बोरियां हटाईं और बच्चे को बाहर निकाला. बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं. उसे तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों और ट्रैक्टर चालक की भूमिका की जांच की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-



