नकली ग्रीन पटाखों का बड़ा खेल, 260 लाइसेंस पर 400 से ज्यादा दुकानें! सीलबंद पैकेट और क्यूआर कोड के नियमों की उड़ाई जा रही धज्जियां

नकली ग्रीन पटाखों का बड़ा खेल, 260 लाइसेंस पर 400 से ज्यादा दुकानें! सीलबंद पैकेट और क्यूआर कोड के नियमों की उड़ाई जा रही धज्जियां

प्रेषित समय :18:49:42 PM / Wed, Nov 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नगर  प्रतिनिधि जबलपुर. दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री को लेकर जबलपुर में नियमों के उल्लंघन का गंभीर मामला सामने आया है. शहर में कथित तौर पर नकली ग्रीन पटाखों की बिक्री और बिना अनुमति आतिशबाजी की दुकानें संचालित किए जाने को लेकर नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच ने जिला प्रशासन से शिकायत की है. मंच का आरोप है कि प्रशासन ने 2 नवंबर को केवल 260 व्यापारियों को पटाखा बिक्री के लाइसेंस जारी किए हैं, जबकि शहर में 400 से अधिक स्थानों पर दुकानें सजाकर पटाखों की बिक्री की जा रही है. शिकायत में सीलबंद बॉक्स, क्यूआर कोड और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मुद्दा भी उठाया गया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

260 लाइसेंस, फिर 400 से ज्यादा दुकानें कैसे?

नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. पीजी नाजपांडे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा से मुलाकात कर अवैध पटाखा कारोबार की शिकायत की. प्रतिनिधिमंडल में एडवोकेट वेदप्रकाश अधौलिया, एडवोकेट प्रभात यादव, डीआर लखेरा, अशोक यादव, यशवंत कोष्टा, पीएस राजपूत, एडवोकेट अमर प्रकाश गुप्ता और राम मिलन शर्मा शामिल रहे.

मंच ने प्रशासन के सामने सवाल उठाया कि जब पटाखा बिक्री के लिए केवल 260 लाइसेंस जारी किए गए हैं, तो शहर में 400 से अधिक स्थानों पर दुकानें कैसे संचालित हो रही हैं. मंच के अनुसार, बिना अनुमति संचालित दुकानों से आम लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है.

सीलबंद बॉक्स और  क्यूआर   कोड के नियमों की अनदेखी

शिकायत में कहा गया है कि विस्फोटक अधिनियम के तहत पटाखों की बिक्री निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार की जानी चाहिए. मंच ने आरोप लगाया कि सीलबंद बॉक्स में बिक्री और पैकेट पर क्यूआर कोड अंकित होने जैसे जरूरी प्रावधानों का पालन नहीं किया जा रहा है. कई स्थानों पर खुले में पटाखे बेचे जाने की शिकायत भी की गई है.

नकली ग्रीन पटाखों की बिक्री का आरोप

मंच ने अपनी शिकायत में पर्यावरण अनुकूल होने का दावा कर बाजार में कथित नकली ग्रीन पटाखे बेचे जाने का मुद्दा भी उठाया है. आरोप है कि ग्रीन पटाखों के नाम पर ऐसे उत्पादों की बिक्री की जा रही है, जिनकी वास्तविकता और प्रमाणिकता की जांच जरूरी है. इसके अलावा प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री की आशंका भी जताई गई है. मंच ने प्रशासन से बाजार में उपलब्ध पटाखों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और क्यूआर कोड की जांच कराने की मांग की है.

कलेक्टर ने दिए औचक निरीक्षण और कार्रवाई के निर्देश

नागरिक उपभोक्ता मंच की शिकायत पर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया. उन्होंने बताया कि प्रशासन का निगरानी तंत्र सक्रिय है और नियमों का उल्लंघन करने वाले छह व्यक्तियों के खिलाफ पिछले दिन ही कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-