नई रेल लाइनों, ट्रेनों के ठहराव, स्टेशन पुनर्विकास और अधोसंरचना विकास के मुद्दों पर हुई चर्चा
जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार, 4 नवंबर को भोपाल रेल मंडल क्षेत्र के सांसदों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में यात्री सुविधाओं के विस्तार, नई ट्रेनों के संचालन, विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, स्टेशन पुनर्विकास, नई रेल लाइनों और रेल अधोसंरचना के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. सांसदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की रेल संबंधी आवश्यकताओं को सामने रखते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए.
बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री एवं बैतूल सांसद दुर्गादास उइके ने की. इसमें राजगढ़ सांसद रोडमल नागर, होशंगाबाद (नर्मदापुरम) सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े, ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह, राज्यसभा सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल और राज्यसभा सांसद अशोक सिंह शामिल हुए. भोपाल सांसद आलोक शर्मा की ओर से उनके प्रतिनिधि ने सुझाव प्रस्तुत किए. अन्य सांसदों ने भी प्रतिनिधियों के माध्यम से अपने प्रस्ताव भेजे.
बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सांसदों का स्वागत किया. उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना और भोपाल-रामगंजमंडी नई रेल लाइन सहित विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी. मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से भोपाल मंडल में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति बताई.
इटारसी, बानापुरा और हरदा में ट्रेनों के ठहराव की मांग
नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने इटारसी स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस, एलटीटी-हरिद्वार एक्सप्रेस और इंदौर-नागपुर त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनों के ठहराव का सुझाव दिया. उन्होंने बनारस-हड़पसर अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन, बानापुरा स्टेशन पर कुशीनगर एक्सप्रेस के ठहराव तथा इटारसी और पोवारखेड़ा के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का काम शीघ्र पूरा कराने की मांग भी रखी.
राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने कामायनी, ताप्ती गंगा और तुलसी एक्सप्रेस का बानापुरा स्टेशन पर ठहराव देने के साथ नागपुर-भुसावल पैसेंजर और जनता एक्सप्रेस का संचालन दोबारा शुरू करने का सुझाव दिया.
केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने छनेरा स्टेशन पर तुलसी एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-पाटलिपुत्र, एलटीटी-बनारस, उधना-दानापुर, एलटीटी-आगरा कैंट, साईनगर शिरडी-कालका और पुणे-दरभंगा एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों के ठहराव की मांग की. उन्होंने भुसावल-नागपुर मेमू का पुनः संचालन और हरदा स्टेशन पर विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव का भी सुझाव दिया.
नई रेल लाइन और स्टेशनों के विकास पर जोर
सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने सिरोंज-शमशाबाद-लटेरी-कुरवाई नई रेल लाइन के सर्वे और स्वीकृति का मुद्दा उठाया. उन्होंने बीना जंक्शन के विकास एवं आधुनिकीकरण, मंडी बामोरा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की. इसके अलावा सागर से पुणे, बेंगलुरु और अन्य प्रमुख शहरों के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी विकसित करने का सुझाव दिया.
राजगढ़ सांसद रोडमल नागर ने रामगंजमंडी-भोपाल रेल लाइन का काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ब्यावरा स्टेशन को जंक्शन के रूप में विकसित करने की मांग रखी. उन्होंने चांचौड़ा-बीनागंज स्टेशन पर इंदौर-ऊना हिमाचल एक्सप्रेस के ठहराव का सुझाव भी दिया.
राज्यसभा सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल ने भोपाल जंक्शन अथवा रानी कमलापति स्टेशन से अयोध्या के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन शुरू करने की मांग की. उन्होंने डॉ. आंबेडकर नगर-प्रयागराज एक्सप्रेस और भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी का मंडी बामोरा स्टेशन पर ठहराव देने तथा वहां प्रधानमंत्री गति शक्ति कार्गो टर्मिनल स्थापित करने का सुझाव दिया.
ग्वालियर से नई ट्रेनें चलाने और मोहना स्टेशन के उन्नयन का प्रस्ताव
ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने दिल्ली से ग्वालियर, गुना और उज्जैन होते हुए इंदौर तक वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने तथा ग्वालियर-गुना के बीच मेमू ट्रेन शुरू करने का सुझाव दिया. उन्होंने योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस का मोहना स्टेशन पर ठहराव देने की मांग भी की.
राज्यसभा सांसद अशोक सिंह ने भोपाल और इंदौर से ग्वालियर के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने तथा मोहना रेलवे स्टेशन का उन्नयन करने का प्रस्ताव रखा.
भोपाल सांसद आलोक शर्मा के प्रतिनिधि ने भोपाल-हावड़ा साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन रानी कमलापति स्टेशन से करने, भोपाल-दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस का इटारसी तक विस्तार करने और रानी कमलापति से सीहोर के बीच मेमू ट्रेन चलाने का सुझाव दिया.
सांसदों के सुझावों पर कार्रवाई का आश्वासन
महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सांसदों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की. उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेल सेवाओं में सुधार और क्षेत्रीय रेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए प्राप्त सुझावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने प्रस्तावों पर सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन भी दिया.
बैठक में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक नीरज कुमार, मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार मंडल, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया सहित पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय और भोपाल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक का संचालन उप महाप्रबंधक (सामान्य) मनीष कुमार पटेल ने किया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

