उत्तरकाशी. उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी धर्मकुंड के समीप गुरुवार को एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी. हादसे के समय वाहन में सात लोग सवार थे. दुर्घटना के बाद चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं. वहीं, अन्य यात्रियों की तलाश के लिए नदी में सर्च अभियान जारी है.
जानकारी के अनुसार, गंगनानी धर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर जाते समय इनोवा चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सीधे नदी में जा गिरी. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं. जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया.
नदी किनारे चार लोगों के शव मिलने के बाद उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वहीं, वाहन में सवार अन्य लोगों की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोरों को लगाया गया है. नदी का तेज बहाव बचाव कार्य में बाधा बन रहा है. रेस्क्यू टीमें संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही हैं.
हादसे में घायल एक व्यक्ति को मनेरी पुलिस की मदद से सड़क तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उसे तत्काल उपचार मिल सके. प्रशासन ने आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा दल को अलर्ट पर रखा है.
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं. अधिकारियों को बचाव कार्य में तेजी लाने और प्रभावितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. फिलहाल हादसे में मृतकों की पहचान और अन्य यात्रियों की स्थिति को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


