नई दिल्ली. यूरोप के कई देशों में गुरुवार को हवाई सुरक्षा को लेकर उस समय चिंता बढ़ गई, जब अलग-अलग एयरलाइंस के विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं. फिनलैंड, इटली, फ्रांस, चेक गणराज्य और बुल्गारिया से जुड़ी उड़ानों को निशाना बनाए जाने की सूचना सामने आई. सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए कई विमानों का रास्ता बदल दिया. कुछ उड़ानों को फाइटर जेट की निगरानी में सुरक्षित उतारा गया.
धमकियों के पीछे किसका हाथ है, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. खास बात यह है कि दो दिन पहले भी यूरोप में करीब 10 विमानों को इसी तरह के धमकी भरे संदेश मिले थे. हालांकि, जांच के बाद वे सभी धमकियां फर्जी पाई गई थीं.
आयरलैंड से इटली जा रही फ्लाइट की फ्रांस में इमरजेंसी लैंडिंग
बम की धमकी मिलने के बाद एर लिंगस एयरलाइन की आयरलैंड से इटली जा रही फ्लाइट का रास्ता बदलना पड़ा. फ्रांस की वायुसेना ने विमान की सुरक्षा के लिए फाइटर जेट तैनात किए और उसे नॉर्मंडी के एव्रू सैन्य एयरबेस पर उतारा गया.
फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकॉर्नू के कार्यालय के अनुसार, विमान में 151 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे. सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने विमान की जांच शुरू की.
फिनलैंड और पोलैंड की उड़ानें भी प्रभावित
हेलसिंकी से रोम जा रही फिनएयर की फ्लाइट को धमकी मिलने के बाद इतालवी फाइटर जेट की निगरानी में रोम पहुंचाया गया. एयरपोर्ट पर सुरक्षा विशेषज्ञों ने विमान की तलाशी ली.
इसी तरह हेलसिंकी से वियना जा रही जेटटाइम की उड़ान का भी रास्ता बदला गया. वहीं, मिलान से वॉरसॉ जा रही विज एयर की फ्लाइट को बम की धमकी के बाद वियना डायवर्ट करना पड़ा.
बुल्गारिया में तीन विमानों को मिली धमकी
बुल्गारिया की राजधानी सोफिया जाने वाली रयानएयर की तीन उड़ानों को भी धमकी मिलने की खबर सामने आई. इनमें कोपेनहेगन और मैड्रिड से आने वाली दो उड़ानें सोफिया एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारी गईं. जबकि लंदन से आने वाली तीसरी फ्लाइट को प्लोवदिव एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया.
इसके अलावा चेक गणराज्य की राजधानी प्राग जाने वाली उड़ानों को लेकर भी बम धमकी की सूचनाएं सामने आईं. इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी.
फिलहाल यूरोपीय सुरक्षा एजेंसियां इन धमकियों की जांच में जुटी हैं. यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित एयरपोर्ट और एयरलाइंस ने एहतियाती कदम उठाए हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

