जबलपुर- सिहोरा में व्यापारी से लाखों के जेवरात लूटे, कार से टक्कर मारकर गिराया

जबलपुर- सिहोरा में व्यापारी से लाखों के जेवरात लूटे, कार से टक्कर मारकर गिराया

प्रेषित समय :14:08:11 PM / Fri, Nov 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. सिहोरा के पास गौरहा गांव में शुक्रवार सुबह कार सवार चार बदमाशों ने सोना-चांदी के व्यापारी को निशाना बनाकर जेवरात लूट लिए. बदमाशों ने पहले व्यापारी की गाड़ी को पीछे से टक्कर मारकर गिराया और फिर उनके पास रखे लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए.

जानकारी के अनुसार, बरगी मोहल्ला निवासी व्यापारी विकास सोनी (पिता मनोज सोनी) जेवरात लेकर गौरहा गांव की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आई कार में सवार चार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी. व्यापारी के सड़क पर गिरते ही बदमाशों ने उनके पास रखे जेवरात लूट लिए और मौके से भाग निकले.

लूटे गए जेवरात की कीमत को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आई हैं. शुरुआती रिपोर्ट में इनकी कीमत 7 से 8 लाख रुपये बताई गई है, जबकि कुछ अन्य रिपोर्ट में यह आंकड़ा 15 से 20 लाख रुपये तक बताया जा रहा है. फिलहाल लूट की वास्तविक कीमत की पुष्टि नहीं हो सकी है.

भागते समय गाय को भी मारी टक्कर

वारदात के बाद तेज रफ्तार से भाग रहे बदमाशों ने गौरहा गांव के पास एक गाय को भी टक्कर मार दी. हादसे में गाय गंभीर रूप से घायल हो गई और सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ी मिली. घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है. लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. बदमाशों की पहचान, उनकी कार और लूटे गए जेवरात की वास्तविक कीमत का पता लगाया जा रहा है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-