भीलवाड़ा. राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में शुक्रवार को चित्तौड़गढ़-कोटा नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई. मांडलगढ़ क्षेत्र के मेनाल के पास पानी के टैंकर से टकराने के बाद एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी. हादसे में महिला श्रमिक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग सांवरिया सेठ के दर्शन करने के बाद कोटा की ओर लौट रहे थे. मेनाल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरब्रिज निर्माण का काम चल रहा है. इसी दौरान सड़क के एक तरफ पानी का टैंकर खड़ा था. बताया जा रहा है कि कार टैंकर से टकरा गई और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. इसके बाद कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी.
महिला श्रमिक समेत तीन लोगों की मौत
दुर्घटना में निर्माण कार्य में लगी महिला श्रमिक प्रेम बाई पत्नी शंभू बंजारा निवासी बिलानाबड़ी, बिहारी पुत्र नाथूलाल बंजारा और मांडलगढ़ निवासी सावता लाल ओड़ की जान चली गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और राहत कार्य शुरू किया गया.
छह लोग घायल, तीन को भीलवाड़ा रेफर किया
सूचना मिलने पर हाईवे एंबुलेंस की सहायता से घायलों को मांडलगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए भीलवाड़ा रेफर किया गया. वहीं, मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं.
हाईवे निर्माण कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मेनाल के पास ओवरब्रिज निर्माण के दौरान हुए इस हादसे ने सड़क सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय स्तर पर निर्माण कंपनी की लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं. लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क पर खड़े पानी के टैंकर और पर्याप्त सुरक्षा संकेतों की व्यवस्था को लेकर जांच होनी चाहिए. हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

