दीपावली पर घर जा रहा GST अधिकारी का परिवार हादसे का शिकार, कार से 54 लाख नकदी और आभूषण बरामद

दीपावली पर घर जा रहा GST अधिकारी का परिवार हादसे का शिकार, कार से 54 लाख नकदी और आभूषण बरामद

प्रेषित समय :11:57:56 AM / Fri, Nov 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रतलाम. मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गुरुवार शाम एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क से नीचे जा गिरी. हादसे में कार सवार गुजरात में पदस्थ GST अधिकारी, उनकी पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चारों को जावरा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया. दुर्घटनाग्रस्त कार से 54 लाख रुपये से अधिक नकदी और सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने अपने संरक्षण में ले लिया है.

दीपावली पर घर जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, GST अधिकारी प्रवीण पूंजीलाल गुजरात के वापी में पदस्थ हैं. वह अपनी पत्नी संतोष और दो बेटों आदित्य व अथर्व के साथ दीपावली की छुट्टियों में सूरत से राजस्थान के गंगानगर स्थित अपने घर जा रहे थे. इसी दौरान जावरा क्षेत्र में निमन नागदी के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई. कार पलटते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरी. हादसे में प्रवीण, उनकी पत्नी और दोनों बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं. बताया गया है कि चारों ने सीट बेल्ट लगा रखी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. सभी का जावरा के शासकीय अस्पताल में उपचार जारी है.

कार से नकदी और आभूषण बरामद

हादसा गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे हुआ. सूचना मिलने पर जावरा औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची. तलाशी के दौरान दुर्घटनाग्रस्त कार से 54 लाख रुपये से अधिक नकदी और सोने-चांदी के आभूषण मिले. पुलिस ने सभी कीमती सामान को अपने संरक्षण में ले लिया है. एडिशनल एसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि पुलिस की प्राथमिकता घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाना था. कार से नकदी और कीमती सामान मिला है. घायल परिवार के बयान दर्ज होने के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रवीण पूंजीलाल गुजरात के वापी में GST अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-