UP- मुंडन संस्कार से लौट रहे परिवार की ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, पांच की मौत, 17 घायल

UP- मुंडन संस्कार से लौट रहे परिवार की ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, पांच की मौत, 17 घायल

प्रेषित समय :19:21:35 PM / Fri, Nov 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. पिसावां थाना क्षेत्र के पिहानी मार्ग पर कुलहाघाट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मुंडन संस्कार से लौट रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य घायल हो गए. घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.

मुंडन संस्कार से लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, बरगांवा गांव निवासी हरिनाम के बेटे अभी का मुंडन संस्कार हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र के रायपुर गांव स्थित एक धार्मिक स्थल पर हुआ था. कार्यक्रम संपन्न होने के बाद परिवार के सदस्य और रिश्तेदार ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर गांव लौट रहे थे. इसी दौरान पिहानी मार्ग पर हिम्मतनगर गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए.

पांच लोगों को अस्पताल में मृत घोषित किया

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालकर पिसावां और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महोली पहुंचाया गया. महोली सीएचसी में चिकित्सकों ने बरगांवा निवासी काजल (10), सुशीला (50), रूबी (22), सुनीता (40) और एक अन्य महिला को मृत घोषित कर दिया. हादसे में घायल 17 लोगों का उपचार जारी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-