बस्तर के जंगल में मुर्गा लड़ाई के नाम पर करोड़ों का जुआ? 20 लाख नकद के साथ 156 लोग पकड़े गए

बस्तर के जंगल में मुर्गा लड़ाई के नाम पर करोड़ों का जुआ? 20 लाख नकद के साथ 156 लोग पकड़े गए

प्रेषित समय :15:51:25 PM / Fri, Nov 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में अवैध जुए के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. बीजापुर जिले के रैगुड़ा जंगल में मुर्गा लड़ाई की आड़ में चल रहे अंतरराज्यीय जुए के अड्डे पर पुलिस ने छापा मारकर 156 लोगों को हिरासत में लिया है. कार्रवाई के दौरान मौके से 20 लाख 1 हजार 200 रुपये नकद, 47 चारपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पकड़े गए लोग महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

पुलिस के अनुसार, जिले में जुए के खिलाफ इसे अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है. जंगल में अलग-अलग राज्यों से लोगों के पहुंचने और लाखों रुपये का दांव लगाए जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने यह अभियान चलाया.

तीन राज्यों से चारपहिया वाहनों में पहुंचे थे जुआरी

पूरा मामला भद्राकाली थाना क्षेत्र के ग्राम रैगुड़ा के जंगल का है. यहां मुर्गा बाजार के नाम पर मुर्गों की लड़ाई आयोजित की जा रही थी. इसी की आड़ में बड़ी रकम लगाकर जुआ खेलने की गतिविधि संचालित होने की जानकारी पुलिस को मिली थी.

सूचना के मुताबिक, इस आयोजन में शामिल होने के लिए महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश से बड़ी संख्या में लोग चारपहिया वाहनों से पहुंचे थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष रणनीति तैयार की.

भागने के रास्ते बंद कर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में टीम ने रैगुड़ा जंगल में दबिश दी. पुलिस ने पहले ही संभावित निकासी मार्गों पर निगरानी और घेराबंदी कर दी थी. इसके बाद मौके पर एक साथ कार्रवाई करते हुए 156 लोगों को पकड़ लिया गया.

तलाशी के दौरान 20 लाख 1 हजार 200 रुपये नकद, 47 चारपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन जब्त किए गए. सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत भद्राकाली थाने में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है.

माओवादी प्रभाव घटने के बाद बदली इलाके की तस्वीर

बीजापुर के तारलागुड़ा, भद्राकाली और भोपालपटनम जैसे सीमावर्ती इलाकों में कभी माओवादी गतिविधियों के कारण आम लोगों की आवाजाही काफी सीमित थी. लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में सुधार और माओवादी प्रभाव कम होने के बाद इन क्षेत्रों में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ी है.

इसी बदलते माहौल के बीच जंगलों में मुर्गा लड़ाई के नाम पर जुए के आयोजन की सूचनाएं सामने आ रही हैं. महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश से लोगों का यहां पहुंचना पुलिस के लिए नई चुनौती बनता जा रहा है. ताजा कार्रवाई के बाद अब ऐसे आयोजनों पर प्रभावी रोक लगाने और इनके नेटवर्क की जांच पर पुलिस का ध्यान रहेगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-