रायपुर में सैलून के अंदर नाबालिग पर उस्तरे से हमला, गर्दन पर वार कर हत्या की कोशिश, आरोपी पर FIR

रायपुर में सैलून के अंदर नाबालिग पर उस्तरे से हमला, गर्दन पर वार कर हत्या की कोशिश, आरोपी पर FIR

प्रेषित समय :15:47:59 PM / Fri, Nov 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते 17 वर्षीय किशोर पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. गोगांव इलाके में स्थित एक सैलून में काम सीख रहे नाबालिग पर युवक ने उस्तरे से हमला कर दिया. आरोपी ने पहले किशोर को धमकाया और फिर उसकी गर्दन पर उस्तरा चला दिया. हमले में किशोर के हाथ और गर्दन पर चोट आई है. सैलून संचालक ने समय रहते बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई.

घटना की शिकायत मिलने के बाद गुढ़ियारी पुलिस ने आरोपी शेखर देवांगन के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत भारतीय न्याय संहिता की तीन धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

तीन महीने से सैलून में काम सीख रहा था किशोर

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 17 वर्षीय श्रवण सेन गोगांव स्थित आत्मानंद स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र है. वह अपने परिवार के साथ रहता है और पिछले करीब तीन महीने से अपने दोस्त राज के साथ गोगांव में गौतम ज्वेलर्स वाली गली स्थित शुभम सैलून में काम सीखने जाता था.

चार नवंबर की शाम करीब छह से साढ़े छह बजे के बीच श्रवण सैलून में मौजूद था. उस समय सैलून संचालक शुभम सेन एक ग्राहक के बाल काट रहा था, जबकि श्रवण पास की सीढ़ी पर बैठा हुआ था. इसी दौरान शेखर देवांगन वहां पहुंचा और पुरानी बात को लेकर किशोर से विवाद करने लगा.

सैलून से उस्तरा उठाकर दी जान से मारने की धमकी

आरोप है कि शेखर ने सैलून में रखा उस्तरा उठाया और श्रवण के पास जाकर उसकी गर्दन पर रख दिया. इसके बाद वह गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा.

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने किशोर का हाथ पकड़ लिया और उस्तरे से वार कर दिया. श्रवण ने खुद को बचाने के लिए हाथ आगे किया, जिससे उसकी हथेली घायल हो गई. इसके बावजूद आरोपी नहीं रुका और उसने दोबारा हमला करते हुए किशोर की गर्दन पर उस्तरा चला दिया.

सैलून संचालक ने बीच-बचाव कर बचाई जान

गर्दन पर उस्तरा लगने से किशोर को चोट आई और खून बहने लगा. अचानक हुए हमले से सैलून में अफरा-तफरी मच गई. स्थिति बिगड़ती देखकर सैलून संचालक शुभम सेन तुरंत बीच में आया और आरोपी को रोककर घायल किशोर को बचाया.

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि यदि सैलून संचालक समय पर हस्तक्षेप नहीं करता तो आरोपी उसे और गंभीर नुकसान पहुंचा सकता था.

हत्या के प्रयास सहित तीन धाराओं में मामला दर्ज

घटना के बाद पीड़ित की शिकायत के आधार पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने पांच नवंबर को शेखर देवांगन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की. आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या का प्रयास), धारा 296 (अश्लील शब्दों का प्रयोग) और धारा 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस को घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के रूप में सैलून संचालक शुभम सेन और किशोर के साथी राज के नाम मिले हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-