मुंबई. रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ सीजन 2 को अपना विजेता मिल गया है. शहजाद पूनावाला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शो की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है. विजेता बनने के साथ ही उन्हें 35 लाख रुपये की प्राइज मनी भी मिली. हालांकि, जीत के बाद शहजाद ने एक ऐसा ऐलान किया, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया. उन्होंने घोषणा की कि वह अपनी पूरी इनामी राशि असम और बिहार के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए दान करेंगे.
छह सप्ताह तक चले इस रियलिटी शो में कंटेस्टेंट्स के बीच दोस्ती, रणनीति, बहस और जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला. कई उतार-चढ़ाव के बाद शहजाद पूनावाला ने सभी को पीछे छोड़ते हुए विजेता का खिताब हासिल किया.
ग्रैंड फिनाले में इन 6 कंटेस्टेंट्स के बीच था मुकाबला
‘राइज एंड फॉल 2’ के ग्रैंड फिनाले की शुरुआत टॉप-6 फाइनलिस्ट की शानदार परफॉर्मेंस के साथ हुई. इसके बाद प्रतियोगियों को अलग-अलग टास्क से गुजरना पड़ा. ‘फॉर्च्यून फ्लोर पिरामिड’ चैलेंज में निहारिका तिवारी को शो से बाहर होना पड़ा.
इसके बाद ‘टावर लाइट्स’ टास्क में करण पटेल और स्वरा भास्कर भी फिनाले की रेस से बाहर हो गए. आखिरकार प्रियंका चाहर चौधरी, गौतम गुलाटी और शहजाद पूनावाला ने टॉप-3 में जगह बनाई.
फिनाले में वीरेंद्र सहवाग ने विजेता के नाम की घोषणा की और शहजाद पूनावाला को शो का चैंपियन घोषित किया गया. प्रियंका चाहर चौधरी फर्स्ट रनरअप और गौतम गुलाटी सेकंड रनरअप रहे.
जीत के बाद शहजाद ने कही दिल की बात
विजेता बनने के बाद शहजाद पूनावाला ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ‘राइज एंड फॉल 2’ जीतना उनके लिए ऐसा अनुभव है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है.
उन्होंने बताया कि शो का सफर आसान नहीं था. उन्हें लगातार परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना पड़ा और कई बार मुश्किल दौर से भी गुजरना पड़ा. कुछ मौकों पर उन्हें अपनी जीत को लेकर संदेह हुआ, लेकिन उन्हें अंदर से विश्वास था कि वह इस शो को जीत सकते हैं.
शहजाद के मुताबिक, यह जीत इस बात का प्रमाण है कि अगर इंसान का इरादा मजबूत हो तो मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.
असम और बिहार के बाढ़ पीड़ितों को देंगे 35 लाख रुपये
शहजाद पूनावाला का सबसे बड़ा ऐलान उनकी प्राइज मनी को लेकर रहा. उन्होंने ग्रैंड फिनाले के मंच से कहा कि वह पहले ही तय कर चुके थे कि अगर शो जीतते हैं तो इनामी राशि जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए दान करेंगे.
उन्होंने घोषणा की कि 35 लाख रुपये की पूरी राशि असम और बिहार के बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री राहत कोष में दान की जाएगी.
शहजाद ने कहा कि उन्हें अपने फैसलों और शो के दौरान बनाए गए रिश्तों पर गर्व है. उनके लिए यह सफर सिर्फ ट्रॉफी जीतने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इस दौरान मिली यादें, दोस्ती और अनुभव भी बेहद खास हैं.
ट्रॉफी के साथ यादगार सफर लेकर लौटे शहजाद
शहजाद पूनावाला ने अपनी जीत को मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति का नतीजा बताया. उन्होंने कहा कि शो के दौरान आए उतार-चढ़ाव ने उन्हें काफी कुछ सिखाया.
35 लाख रुपये की इनामी राशि दान करने के ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर भी उनके फैसले की चर्चा हो रही है. अब दर्शकों की नजर इस बात पर रहेगी कि असम और बिहार के बाढ़ प्रभावित लोगों तक यह आर्थिक सहायता किस तरह पहुंचती है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

