दुकान लगाने को लेकर विवाद ने पकड़ा तूल, पार्षद के समर्थन में थाने पहुंचे जनप्रतिनिधि

दुकान लगाने को लेकर विवाद ने पकड़ा तूल, पार्षद के समर्थन में थाने पहुंचे जनप्रतिनिधि

प्रेषित समय :17:08:47 PM / Fri, Nov 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. बरेला थाने के सामने सड़क पर दुकान लगाने को लेकर शुक्रवार को विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद ने तूल पकड़ लिया और स्थानीय पार्षद प्रकाश चक्रवर्ती तथा पुलिसकर्मी आमने-सामने आ गए. घटना के बाद थाने में कई घंटों तक हंगामे और गहमागहमी का माहौल बना रहा. पार्षद ने पुलिस पर अभद्रता, गाली-गलौज और उनके परिजनों के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए हैं.

जानकारी के अनुसार, बरेला थाने के सामने सड़क पर दुकान लगाने को लेकर विवाद की शुरुआत हुई. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और वार्ड पार्षद प्रकाश चक्रवर्ती के बीच पहले कहासुनी हुई. पार्षद का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस उनके पिता को पकड़कर थाने ले गई, जबकि उनके बेटे के साथ मारपीट कर उसे भी थाने में बैठा दिया गया. पार्षद ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.

थाने पहुंचे जनप्रतिनिधि और समर्थक

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग बरेला थाने पहुंचने लगे. मंडल अध्यक्ष और नगर परिषद अध्यक्ष समेत कई जनप्रतिनिधियों ने थाने पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी मांगी. इस दौरान पार्षद के समर्थकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. जनप्रतिनिधियों ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-