दीपावली-छठ पर जबलपुर रेल मंडल में यात्री सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम

दीपावली-छठ पर जबलपुर रेल मंडल में यात्री सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम

प्रेषित समय :17:11:30 PM / Fri, Nov 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जबलपुर रेल मंडल ने प्रमुख स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. जबलपुर, मदन महल, कटनी, कटनी मुड़वारा, सतना, सागर, दमोह और पिपरिया सहित प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, हेल्प डेस्क, होल्डिंग एरिया और अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की व्यवस्था की जा रही है.

मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता के निर्देशन में इन व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है. संबंधित विभागों को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए हैं.

अतिरिक्त टिकट काउंटर और हेल्प डेस्क

त्योहारों के दौरान टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए जबलपुर, कटनी और कटनी मुड़वारा स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर संचालित करने का प्रावधान किया गया है. यात्रियों को अनारक्षित टिकट उपलब्ध कराने के लिए एटीवीएम और एम-यूटीएस मोबाइल ऐप के उपयोग को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है. इसके अलावा यात्रियों की सहायता और मार्गदर्शन के लिए हेल्प डेस्क बनाए जा रहे हैं तथा अतिरिक्त रेल कर्मचारियों की तैनाती की गई है.

चार स्टेशनों पर बनेंगे होल्डिंग एरिया

भीड़ को नियंत्रित करने और प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक जमाव रोकने के लिए चार प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया विकसित करने की योजना है. इसके तहत जबलपुर स्टेशन पर 5,000 वर्गफुट, जबकि कटनी, कटनी मुड़वारा और सतना स्टेशन पर 2,000-2,000 वर्गफुट क्षेत्र निर्धारित किया गया है. इन स्थानों पर यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से रखा जा सकेगा, जिससे प्लेटफॉर्म पर भीड़ का दबाव कम करने और आवागमन सुचारु रखने में मदद मिलेगी.

टिकट जांच और निगरानी बढ़ाई

प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में टिकट जांच के लिए अतिरिक्त वाणिज्यिक कर्मचारियों की तैनाती की गई है. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अतिरिक्त जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे. रेलवे अधिकारी और कर्मचारी प्रतिदिन स्टेशनों का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं.

उद्घोषणा, खानपान और सफाई पर ध्यान

ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान और प्लेटफॉर्म की जानकारी यात्रियों तक समय पर पहुंचाने के लिए नियमित एवं स्पष्ट उद्घोषणा सुनिश्चित की जा रही है. इसके साथ ही खानपान स्टॉलों की व्यवस्था, यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं और स्टेशन परिसर की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

सीसीटीवी और डॉग स्क्वाड से निगरानी

त्योहारों के दौरान सुरक्षा को देखते हुए आरपीएफ ने स्टेशनों और रेलवे परिसरों में निगरानी बढ़ा दी है. सीसीटीवी कैमरों से लगातार नजर रखी जा रही है, वहीं डॉग स्क्वाड की मदद से प्लेटफॉर्म और संवेदनशील स्थानों पर जांच की जा रही है. पटाखों सहित अन्य ज्वलनशील सामग्री के अवैध परिवहन को रोकने के लिए भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-