जबलपुर. कुंडम रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान कथित तौर पर अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर डीआईजी अतुल सिंह ने रक्षित निरीक्षक (आरआई) योगेश चौकसे को प्रथम दृष्टया निलंबित कर दिया है. मामले की विस्तृत जांच एएसपी मनीष भारद्वाज को सौंपी गई है.
डीआईजी अतुल सिंह के अनुसार, योगेश चौकसे की ड्यूटी हाईकोर्ट की सुरक्षा में लगाई गई थी. इसके बावजूद वे वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति के बिना शासकीय वाहन और वायरलेस सेट के साथ कुंडम रोड पर वाहन चेकिंग करने पहुंच गए. इस दौरान वाहन चालकों से रुपये मांगने की शिकायत डीआईजी तक पहुंची थी.
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी ने मामले की जानकारी जुटाई. जांच में सामने आया कि संबंधित अधिकारी को कुंडम रोड पर वाहन चेकिंग करने के लिए किसी वरिष्ठ अधिकारी ने निर्देश नहीं दिए थे. डीआईजी ने मोबाइल और वायरलेस सेट के जरिए योगेश चौकसे से संपर्क कर स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन उनके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए.
इसके बाद डीआईजी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए. मामले की निष्पक्ष जांच के लिए आईपीएस अधिकारी एवं एएसपी मनीष भारद्वाज को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

