निवाड़ी. मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा में शुक्रवार दोपहर एक मकान में हुए गैस सिलिंडर विस्फोट ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया. स्टेशन मोहल्ले के वार्ड नंबर-1 में हुए इस धमाके में एक ही परिवार के 12 सदस्य झुलस गए. घायलों में तीन बच्चे भी शामिल हैं. हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के अनुसार, मकान कबाड़ कारोबारी खालिद अहमद का बताया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि सीएनजी सिलिंडर से गैस का रिसाव हो रहा था. इसी दौरान गैस में आग लग गई और देखते ही देखते तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया. विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के लोग भी घबराकर घरों से बाहर निकल आए.
तीन घायलों की हालत गंभीर, अस्पताल में इलाज जारी
घटना में झुलसे सभी 12 लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें से तीन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है. हादसे में बच्चों के घायल होने से परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.
पुलिस और डायल 112 ने संभाला मोर्चा
धमाके की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई. राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को मकान से बाहर निकाला गया. इसके बाद सभी को डायल 112 की मदद से यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल गैस रिसाव और सिलिंडर में विस्फोट होने के कारणों की विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

