जबलपुर. शराब पीने के लिए रुपये देने से इनकार करना एक युवक को भारी पड़ गया. तीन युवकों ने रास्ते में मोटरसाइकिल रोककर उससे शराब के लिए पैसे मांगे. इनकार करने पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू से हमला कर युवक की दाहिनी जांघ में चोट पहुंचा दी. घटना के बाद घायल युवक ने हिम्मत दिखाते हुए परिजनों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया और थाने पहुंचकर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मारपीट का मामला दर्ज किया है.
रास्ते में मोटरसाइकिल रोककर मांगे शराब के रुपये
शहपुरा पुलिस के अनुसार, घायल जयदीप रजक खेती-किसानी करता है. गुरुवार को वह मालकछार गया था. शाम करीब 6:20 बजे वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान बिजली कार्यालय के पास मालकछार रोड पर पीछे से मोटरसाइकिल सवार तीन युवक आए और उसकी गाड़ी के आगे अपनी मोटरसाइकिल अड़ाकर रास्ता रोक लिया.
तीनों ने जयदीप से शराब पीने के लिए रुपये मांगे. जब उसने रुपये देने से इनकार किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगे.
चाकू से हमला कर दी जान से मारने की धमकी
विवाद के दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर जयदीप की दाहिनी जांघ पर हमला कर दिया. चोट लगने से वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा. इसके बाद तीनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मोटरसाइकिल से फरार हो गए.
घटना के बाद जयदीप ने अपने पिता महेश रजक को फोन कर पूरी जानकारी दी. पिता अन्य लोगों के साथ आरोपियों की तलाश में निकले.
बस स्टैंड पर एक आरोपी पकड़ाया, दो फरार
परिजनों और अन्य लोगों ने बस स्टैंड के पास तीनों युवकों को पकड़ने का प्रयास किया. इस दौरान एक युवक उनके हाथ लग गया, जबकि उसके दो साथी मौके से भाग निकले. पकड़े गए युवक ने अपना नाम नमन नोरिया निवासी कालीमठ, मदनमहल बताया.
इसके बाद जयदीप अपने परिजनों के साथ आरोपी को लेकर शहपुरा थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई.शहपुरा पुलिस ने नमन नोरिया को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है. पुलिस घटना में शामिल फरार दो अन्य युवकों की तलाश कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

