नई दिल्ली. पंजाब के राजपुरा में सराय बंजारा के पास शुक्रवार दोपहर कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार कोच आग की चपेट में आ गए. चलती ट्रेन में आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. धुआं उठता देख यात्रियों ने तुरंत ट्रेन से उतरकर अपनी जान बचाई. राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है.
जानकारी के मुताबिक, अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस में दोपहर करीब 1:10 बजे आग लगने की सूचना मिली. घटना राजपुरा से लगभग 15 किलोमीटर दूर बसंतपुरा रेलवे स्टेशन के पास हुई. बताया जा रहा है कि इंजन की ओर से पांचवें कोच में सबसे पहले आग दिखाई दी. इसके बाद ट्रेन को सराय बंजारा के पास मध्य सरहिंद-राजपुरा रेलखंड पर रोक दिया गया.
लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
आग का पता चलते ही लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन रोक दी. इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. समय रहते ट्रेन रोकने और यात्रियों को बाहर निकालने से आग को अन्य डिब्बों तक फैलने से रोकने में मदद मिली. घटना के बाद मौके पर राहत एवं बचाव दल पहुंचा और आग पर काबू पाया.
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि और घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा. आग के कारण इलाके में दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया. फिलहाल प्रभावित कोचों को हुए नुकसान और ट्रेन के आगे के संचालन को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

