झारखंड में कोयला लदे ट्रक ने पुलिस बोलेरो को मारी टक्कर, सड़क पर पलटा वाहन; कई जवान घायल

झारखंड में कोयला लदे ट्रक ने पुलिस बोलेरो को मारी टक्कर, सड़क पर पलटा वाहन; कई जवान घायल

प्रेषित समय :17:24:33 PM / Sat, Nov 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कोडरमा. झारखंड के कोडरमा जिले में शनिवार को पुलिस टीम के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया. चंदवारा थाना क्षेत्र में कोयला लदे ट्रक का पीछा कर रही पुलिस की बोलेरो को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे में पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें जवान राजेंद्र मेहता को गंभीर चोटें आई हैं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

रेलवे ओवरब्रिज के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, चंदवारा पुलिस कोयला लदे 12 चक्का ट्रक का पीछा कर रही थी. पुलिस की बोलेरो लगातार ट्रक के पीछे चल रही थी. इसी दौरान मदनगुंडी टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर आगे रेलवे ओवरब्रिज के पास ट्रक ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी.

टक्कर लगते ही बोलेरो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सड़क पर पलट गई. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई.

स्थानीय लोगों ने जवानों को बाहर निकाला

दुर्घटना होते ही स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे. लोगों ने पलटी हुई बोलेरो में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकालने में मदद की. हादसे में जवान राजेंद्र मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. अन्य जवानों को भी चोटें आई हैं.

पुलिस ने ट्रक और चालक को पकड़ा

हादसे के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोयले से लदे 12 चक्का ट्रक को पकड़ लिया और उसे जब्त कर थाने ले गई. ट्रक चालक को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी है. पुलिस अब ट्रक में लदे कोयले से जुड़े दस्तावेजों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-