कोयले का ढेर बना मौत का पहाड़! झारखंड के बोकारो में भरभराकर गिरा मलबा, 3 महिलाओं की मौत; 4 गंभीर

कोयले का ढेर बना मौत का पहाड़! झारखंड के बोकारो में भरभराकर गिरा मलबा, 3 महिलाओं की मौत; 4 गंभीर

प्रेषित समय :19:02:19 PM / Thu, Nov 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

बोकारो. झारखंड के बोकारो जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन महिलाओं की जान चली गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) की कथारा कोलियरी के स्टॉकयार्ड में हुआ. यहां कोयले का भारी ढेर अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा और उसके नीचे सात लोग दब गए. घटना के समय सभी लोग घरेलू इस्तेमाल और ईंधन के लिए कोयला इकट्ठा कर रहे थे.

कोयला बीन रहे लोगों पर अचानक गिरा भारी ढेर

जानकारी के मुताबिक, हादसा बेरमो अनुमंडल के कथारा ओपी क्षेत्र स्थित कथारा कोलियरी के स्टॉकयार्ड नंबर-5 में हुआ. आसपास के गांवों के कुछ लोग घरेलू जरूरतों के लिए फेंका हुआ कोयला इकट्ठा करने पहुंचे थे. इसी दौरान कोयले का एक बड़ा ढेर अचानक ढह गया.

इसकी चपेट में छह महिलाएं और एक पुरुष आ गए. देखते ही देखते सभी लोग भारी कोयले के मलबे में दब गए. आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

तीन महिलाओं की मौके पर मौत, चार अस्पताल में भर्ती

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ पुलिस और CCL प्रबंधन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया. काफी मशक्कत के बाद सभी सात लोगों को बाहर निकाला गया.

हालांकि, तब तक तीन महिलाओं की मौत हो चुकी थी. वहीं, चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल मिले. उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें बड़े अस्पताल रेफर कर दिया. अधिकारियों के मुताबिक, मृत तीनों महिलाएं बांध बस्ती की रहने वाली थीं.

पुलिस और CCL प्रबंधन ने शुरू की जांच

बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) रविंद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि की है. पुलिस और CCL प्रबंधन की टीमें घटना के कारणों की जांच कर रही हैं. फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि कोयले का इतना बड़ा ढेर अचानक किन परिस्थितियों में ढहा.

इस घटना के बाद कथारा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शोक का माहौल है. मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं घायलों के परिजन उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-