जबलपुर. एमपी के जबलपुर में पुलिस ने बरगी नगर चौकी क्षेत्र मेें एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने और चालकों के साथ लूट व डकैती की योजना बना रहे तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 210 लीटर चोरी का डीजल, एक काले रंग की स्कार्पियो गाड़ी और वारदात में इस्तेमाल होने वाले घातक हथियार भी बरामद किए हैं. इस कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मच गया है.
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज चौकी बरगी नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मनकेड़ी स्थित इरिगेशन विभाग के पुराने खंडहरनुमा कमरे के बाहर एक काले रंग की स्कार्पियो खड़ी है, जिसमें डीजल की कुप्पियां लोड हैं. उसी खंडहर कमरे के भीतर बैठकर पांच संदिग्ध व्यक्ति आपस मेंस सलाह मशविरा कर रहे हैं. वे बरगी हाईवे या उससे जुड़े रास्तों पर खड़े ट्रकों और हाइवा वाहनों को निशाना बनाकर उनसे डीजल चोरी करने तथा वाहन चालकों के साथ लूट और डकैती की योजना बना रहे हैं. उनके पास लोहे की सब्बल, स्टील के पाइप, पेचकस और अन्य औजार भी मौजूद हैं.
पुलिस दल ने जब मनकेड़ी इरिगेशन विभाग के पुराने खंडहर के पास घेराबंदी की, तो वहां काले रंग की स्कार्पियो (जिस पर नंबर 25 बीएच 1410 एन लिखा था) खड़ी मिली. जांच करने पर उसमें डीजल से भरी कुप्पियां रखीं थीं. कमरे के अंदर पांच व्यक्ति हाईवे पर लूटपाट और डकैती की योजना बनाते हुए यह कह रहे थे कि विरोध करने पर साथ में रखे लोहे के रॉड, सब्बल और पाइप से चालकों के साथ मारपीट की जाएगी. जैसे ही आरोपियों की नजर पुलिस पर पड़ी, वे अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे. पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए घेराबंदी की, जिसमें से तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे.
पकड़े गए आरोपियों के नाम और खुलासे
कड़ाई से पूछताछ करने पर पकड़े गए तीनों आरोपियों ने अपने नाम निम्नलिखित बताए-
-रजा अली उर्फ राजा पिता शरीफ कुरैशी, उम्र 27 वर्ष
-मोहम्मद साहिल पिता मोहम्मद युसुफ, उम्र 23 वर्ष
-साहिल पिता रमजान मंसूरी, उम्र 18 वर्ष
तीनों निवासी रजा चौक, हनुमानताल, जबलपुर.
ये आरोपी हुए है फरार-
इसके साथ ही आरोपियों ने अपने फरार साथियों के नाम रिजवान उर्फ छोटा पठान निवासी रजा चौक, हनुमानताल और शेरू खान निवासी गोहलपुर बताए. आरोपियों ने खुलासा किया कि यह स्कार्पियो वाहन रिजवान उर्फ छोटा पठान का है और घटना के वक्त वही इसे चला रहा था, जो पुलिस को देखकर अपने साथी शेरू खान के साथ फरार हो गया.
डीजल चोरी और हथियारों का जखीरा बरामद
तलाशी के दौरान स्कार्पियो वाहन से कुल 10 कुप्पियां बरामद हुईं, जिनमें से 6 कुप्पियों में लगभग 210 लीटर डीजल भरा हुआ था और 4 कुप्पियां खाली थीं. पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने बीती रात (5-6 नवंबर 2026 की दरमियानी रात) नागपुर-जबलपुर हाईवे पर खड़े 5-6 ट्रकों से डीजल चुराकर इन 6 कुप्पियों को भरा था. खाली कुप्पियों को वे आज रात अन्य ट्रकों से डीजल चुराकर भरने और हाईवे पर गंभीर डकैती की वारदात को अंजाम देने के फिराक में थे. आरोपियों के कब्जे से अवैध प्रयोजन के लिए रखे गए घातक लोहे के सब्बल, स्टील के दो पाइप, पेचकस, पाना और डीजल से भरी कुप्पियां जप्त की गईं.

