धनतेरस की रात दहला गाजी नगर, झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग, 50 आशियाने जलकर खाक

धनतेरस की रात दहला गाजी नगर, झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग, 50 आशियाने जलकर खाक

प्रेषित समय :15:20:28 PM / Sat, Nov 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गोहलपुर स्थित गाजी नगर झुग्गी बस्ती में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में भीषण रुप धारण कर लिया. देखते ही देखते 50 से अधिक गरीब परिवारों की खून-पसीने की गाढ़ी कमाई और छत पलक झपकते ही राख के ढेर में तब्दील हो गई. इस सनसनीखेज हादसे ने पूरे इलाके में कोहराम मचा दिया है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसाररात के ठीक 2 बजे के लगभग बस्ती एक कोने से उठी चिंगारी ने कुछ ही पल में भीषण रुप धारण कर लिया, देखते ही देखते आग ने बस्ती को अपनी चपेट में ले गया, आग की तेज लपटें आसमान छूने लगीं.शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस भीषण आग की आंच इतनी प्रचंड थी कि आसपास की झुग्गियां मोम की तरह पिघलती चली गईं. रात के वक्त मची भगदड़ और चीख-पुकार से नींद में सो रहे लोगों की रूह कांप उठी. हादसे का शिकार हुईं 50 साल से वहां रह रही बुजुर्ग महिला अख्तरी बी का कलेजा चीर देने वाला दर्द हर किसी की आंखें नम कर रहा है. रोते-सिसकते हुए उन्होंने बताया, रात में लोगों की चीख गूंजी कि उठो, आग लग गई है.

बाहर निकली तो चारों तरफ सिर्फ आग का समंदर था. गरीब अख्तरी बी के घर में रखा अनाज, जीवनभर की जमा-पूंजी, मोबाइल और एक-एक तिनका जलकर स्वाहा हो गया. अब उनके सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस कड़ाके की ठंड में वे कहां जाएं, क्या खाएं और कैसे जिएं. पूर्व पार्षद ताहिर अली ने बताया कि इस बस्ती में पहले भी आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इस बार का मंजर बेहद खौफनाक था.

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है, जिससे 30 से अधिक परिवार सीधे तौर पर तबाह हो गए हैं. गनीमत यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, वरना एक बड़ा नरसंहार हो सकता था. हालांकि, सिर से छत छिन जाने के बाद अब ये बेघर परिवार खुले आसमान के नीचे अपनों और रिश्तेदारों के सहारे जीने को मजबूर हैं. स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने खाने का थोड़ा-बहुत इंतजाम तो किया है, लेकिन इन बेसहारा परिवारों के मुकम्मल पुनर्वास और मुआवजे को लेकर प्रशासन की तरफ से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और लाचारी का माहौल है.

13 दमकल वाहनों रातभर बुझाते रहे आग-

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, एमपीबी (बिजली विभाग) और दमकल विभाग की टीमें जान हथेली पर लेकर मौके पर दौड़ीं. आग की विभीषिका इतनी भयानक थी कि दमकल के टैंक खाली होते रहे और उन्हें बार-बार पानी भरने के लिए दौडऩा पड़ा. एहतियात के तौर पर बिजली कंपनी ने तुरंत पूरे इलाके की सप्लाई काट दी. 13 दमकल वाहनों और दर्जनों कर्मचारियों ने पूरी रात आग बुझाने के लिए अमानवीय संघर्ष किया, तब जाकर सुबह कहीं इस पर काबू पाया जा सका.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-