जबलपुर. एमपी के जबलपुर में उच्च शिक्षा विभाग को आज अपना नया और आधुनिक भवन मिल गया है. लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में 5.40 करोड़ की लागत से बने अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा कार्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया.
इस भव्य समारोह में केंट विधायक अशोक रोहाणी, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिंकुज विज, भाजपा अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय कार्य परिषद सदस्य इंजीनियर चंद्रशेखर पटेल तथा मंडल अध्यक्ष आशीष राव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए. अतिरिक्त संचालक प्रोफेसर अलकेश चतुर्वेदी ने बताया कि यह पूरे मध्यप्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग का पहला ऐसा संभागीय कार्यालय है. समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की वंदना, राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम और विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुई. मुख्य अतिथि राकेश सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि संभाग को इस भवन की लंबे समय से आवश्यकता थी. मुख्यमंत्री के सहयोग से आज इसका लोकार्पण करते हुए उन्हें बेहद खुशी हो रही है.
उन्होंने विश्वास जताया कि उच्च शिक्षा का यह नया केंद्र पूरे संभाग के विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाने की अपनी भूमिका को और विस्तार देगा. कार्यक्रम में उपस्थित केंट विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र में बड़े विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के साथ अब यह भव्य प्रशासनिक भवन भी जुड़ गया है. उन्होंने संभाग के सभी शिक्षाविदों, प्राचार्यों और विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं. स्वागत भाषण देते हुए प्रोफेसर अलकेश चतुर्वेदी ने जानकारी दी कि जबलपुर संभाग उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है. इस भवन की आधारशिला रखने से लेकर निर्माण पूरा होने तक सभी जनप्रतिनिधियों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ है.
समारोह में अतिथियों का स्वागत डॉ. पवन शंकर तिवारी, डॉ. मयूर शिखा अग्रवाल, डॉ. सुनील कुमार बाजपेई, डॉ. चित्रा प्रभात, डॉ. राजीव शुक्ला, डॉ. अजय गुप्ता और विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्राचार्यों ने किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे. मंच का कुशल संचालन शासकीय महाकोशल महाविद्यालय की प्राध्यापक डॉ. तृप्ती उकास ने किया और अंत में कार्यालय के ओ.एस.डी. डॉ. अजय कुमार गुप्ता ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया. आयोजन को सफल बनाने में प्राध्यापक डॉ. अरुण शुक्ला सहित कार्यालय के डॉ. रंजना मिश्रा, डॉ. मधुर तिवारी, डॉ. संदीप नागौत्रा, डॉ. आदित्य गर्ग, डॉ. समीर भैंसारे, आशीष जाटव, जुनैद मिनहाज, अमित कुमार पाठक, सारांश दीन, अशोक कुमार धौलपुरी, विरसिंह बैगा तथा लोक निर्माण विभाग के जे.एस. बघेल और मनीष शर्मा ने विशेष योगदान दिया.

