जबलपुर. एमपी के जबलपुर में माढ़ोताल स्थित आईटीआई चुंगीनाका स्थित एक सर्राफा दुकान में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां ग्राहक बनकर दाखिल हुईं शातिर महिलाओं के गिरोह ने ज्वेलर्स को अपनी बातों के जाल में उलझाकर बेहद सफाई से सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा पार कर दिया. जब तक व्यापारी को चोरी का अहसास हुआ, तब तक महिला चोर रफूचक्कर हो चुकी थीं. पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, आईटीआई चुंगीनाका निवासी 60 वर्षीय इंद्रपाल सोनी अपने मकान के निचले हिस्से में इंद्र ज्वेलर्स नाम से सोने-चांदी की दुकान संचालित करते हैं. बीती दोपहर लगभग 12 बजे उनकी दुकान पर कुछ अज्ञात महिलाएं ग्राहक बनकर पहुंचीं. महिलाओं ने बेहद शातिराना अंदाज में खरीददारी का नाटक करते हुए व्यापारी को सोने के झुमके और झाले दिखाने को कहा. जैसे ही व्यापारी का ध्यान भटका, महिलाओं ने सोकेश (डिस्प्ले काउंटर) पर रखा सोने के कान की झुमकी और झाले से भरा डिब्बा चुपके से उठाकर अपने कपड़ों में छिपा लिया. इस डिब्बे में कुल 9 जोड़ी सोने के जेवर रखे हुए थे. वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद महिलाएं दुकान से बाहर निकल गईं.
15-20 मिनट बाद हुआ अहसास, उड़े होश-
महिलाओं के जाने के करीब 15 से 20 मिनट बाद जब इंद्रपाल सोनी की नजर सोकेश पर पड़ी, तो वहां से जेवर का डिब्बा नदारद था. डिब्बा गायब देखते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. उन्होंने दुकान के अंदर और आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. चोरी की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और सर्राफा व्यापारियों में आक्रोश फैल गया.
सीसीटीवी खंगाल रही माढ़ोताल पुलिस-
गहनों का डिब्बा चोरी होने की पुष्टि होने के बाद पीडि़त व्यापारी इंद्रपाल सोनी ने तत्काल माढ़ोताल थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात महिलाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 305(ए) के तहत अपराध पंजीकृत कर लिया है. माढ़ोताल पुलिस की टीम अब दुकान और आसपास की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध महिलाओं के हुलिए और भागने के रास्ते की पहचान की जा सके. पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

