जबलपुर. एमपी के जबलपुर में लार्डगंज, गोहलपुर, गढ़ा और बरेला में पुलिस ने दबिश देकर बिना लाइसेंस के घनी आबादी और भीड़भाड़ वाले रहवासी इलाकों में अवैध रूप से पटाखे बेच रहे 5 दुकान संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हजारों रुपये मूल्य के अवैध पटाखे और आतिशबाजी सामग्री जब्त की है.
-जानकीरमण प्लाजा और पांडे चौक पर कार्रवाई-
बताया गया है जानकीरमण प्लाजा के सामने सड़क के किनारे मनीष केशरवानी उम्र 52 वर्ष, निवासी राठी कॉलोनी, निवाडग़ंज रहवासी क्षेत्र में बिना किसी लाइसेंस के अवैध रूप से पटाखे बेच रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया. पूछताछ में लाइसेंस न होने की पुष्टि होने पर उसके कब्जे से लगभग 12,000 रुपये कीमत के विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए गए.
मामला दूसरा-
पुलिस ने पांडे चौक के पास दबिश देकर अंकित चौधरी उम्र 20 वर्ष, निवासी भोलानगर, चंडालभाटा, दमोहनाका को अवैध रूप से पटाखे बेचते हुए पकड़ा. आरोपी के पास से लगभग 10,000 रुपये के पटाखे जब्त किए गए. दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 288 बीएनएस एवं 5, 9(ख)(1)(ख) विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया.
गोहलपुर, छोटा फुहारा के पास दबिश-
गोहलपुर क्षेत्र के अंतर्गत छोटा फुहारा के पास एक व्यक्ति द्वारा सड़क किनारे भारी भीड़ और रिहायशी मकानों व दुकानों के बीच विस्फोटक सामग्री बिक्री हेतु रखे जाने की सूचना मिली थी. पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दबिश दी, जहां आरोपी आशीष अग्रवाल उम्र 28 वर्ष, निवासी हरदौल मंदिर के पास, सूजी मोहल्ला, गोरखपुर अवैध रूप से पटाखे बेचते पाया गया. लाइसेंस मांगने पर वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका. पुलिस ने उसके कब्जे से कोर्नेसन के 4 पैकेट, चकरी, सुतली बम, अनार, ताजमहल बम (24 पैकेट), कुर्वी बम (25 पैकेट), बुलेट बम (4 पैकेट) सहित अन्य पटाखे जब्त किए और आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की.
थाना गढ़ा, मिश्रा कंपाउंड, बीटी तिराहा पर कार्रवाई
थाना गढ़ा क्षेत्र में बीटी तिराहा के पास मिश्रा कंपाउंड में बिना लाइसेंस के घनी आबादी वाले रहवासी क्षेत्र में पटाखे बेचे जाने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी. मौके पर अजय पटेल उम्र 32 वर्ष, निवासी मिश्रा कंपाउंड, बीटी तिराहा, गढ़ा अवैध रूप से दुकान लगाकर आतिशबाजी बेचते मिला. वैध लाइसेंस न मिलने पर पुलिस ने उसके कब्जे से 25 शॉट का 1 पैकेट, 12 शॉट के 3 पैकेट, 5 शॉट के 3 पैकेट, सुतली बम, शॉट टू साउंड (2 पैकेट), हैप्पी कलर, बुलेट बम, पाइप बम (2 पैकेट), फुलझड़ी, अनारदाना व अन्य छोटे पटाखे जब्त किए. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया.
बरेला के ग्राम पड़वार में महिला आरोपी गिरफ्तार
थाना बरेला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पड़वार में दबिश देकर सपना जैन (उम्र 40 वर्ष, निवासी पड़वार) को अवैध रूप से पटाखे बेचते रंगे हाथों पकड़ा. आरोपी महिला के कब्जे से डबल काक (13 नग), सिंघम (17 नग), फाइटर (5 नग), रैम्बो (9 नग), टार्जन (40 नग), थ्री साउंड (11 नग), टू साउंड (7 नग), लॉयन (17 नग), अनारदाना, चकरी, रॉकेट, बुलेट बम, छोटे पटाखे, चांदनी क्रैकर्स और फुलझडिय़ों सहित लगभग 7,000 रुपये कीमत की आतिशबाजी सामग्री जब्त की गई. इस मामले में भी संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

