भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला थाना क्षेत्र में एक 30 वर्षीय शादीशुदा महिला ने अपने पति और भाई के परिचित पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे शादी करने और उसके बच्चों को भी साथ रखने का भरोसा दिलाकर शारीरिक संबंध बनाए. बाद में जब महिला ने शादी की बात कही तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया. इसके बाद महिला ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
पति की मारपीट के बीच बढ़ी आरोपी से नजदीकी
पुलिस के मुताबिक, महिला का पति छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट करता था. इसी दौरान पति और भाई का एक दोस्त, जो छोला इलाके में ही रहता है, अक्सर उनके घर आने-जाने लगा. इस दौरान आरोपी की महिला से जान-पहचान बढ़ी और दोनों के बीच नजदीकियां हो गईं.
बच्चों समेत साथ रखने का दिया था भरोसा
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने उससे शादी करने और उसके बच्चों को भी अपनाकर साथ रखने का भरोसा दिया था. इसी विश्वास के आधार पर उसने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए. आरोप है कि बाद में जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया.
आरोपी के खिलाफ FIR, तलाश में जुटी पुलिस
महिला की शिकायत के आधार पर छोला थाना पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले से शादीशुदा है और कारोबार करता है. फिलहाल वह फरार बताया जा रहा है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

