ज्ञानरंजन की स्मृति में 20 नवंबर से शुरू होगा वार्षिक आयोजन, पहले कार्यक्रम में लोकतंत्र पर व्याख्यान

ज्ञानरंजन की स्मृति में 20 नवंबर से शुरू होगा वार्षिक आयोजन, पहले कार्यक्रम में लोकतंत्र पर व्याख्यान

प्रेषित समय :16:36:49 PM / Sat, Nov 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिका ‘पहल’ के संपादक और कथाकार ज्ञानरंजन की स्मृति एवं वैचारिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए पहल परिवार हर साल 21 नवंबर को ‘स्मृति ज्ञानरंजन’ कार्यक्रम आयोजित करेगा. इसकी शुरुआत इस वर्ष 20 नवंबर को ज्ञानरंजन की जन्मतिथि की पूर्व संध्या पर होगी. जबलपुर के शहीद स्मारक में शाम 6 बजे से आयोजित कार्यक्रम में ‘कॉरपोरेट पूंजीवाद और लोकतंत्र’ विषय पर व्याख्यान होंगे.

कार्यक्रम में पत्रकार एवं आर्थिक-राजनीतिक विश्लेषक परंजय गुहा ठाकुरता और कलकत्ता हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुजय पॉल अपने विचार रखेंगे.

ज्ञानरंजन ने ‘पहल’ के संपादन, पुस्तिकाओं के प्रकाशन और देशभर में गोष्ठियों के आयोजन के माध्यम से हिंदी साहित्य में वैचारिक बहस और प्रगतिशील चेतना को नई दिशा दी. उन्होंने वैचारिक मतभेदों के बावजूद लेखकों को संवाद के साझा मंच पर लाने और साहित्य को सामाजिक-राजनीतिक सवालों से जोड़ने की परंपरा विकसित की.

पहल परिवार के अनुसार, ‘स्मृति ज्ञानरंजन’ महज स्मरण का आयोजन नहीं, बल्कि उनके विचारों और प्रतिबद्धता को समकालीन संदर्भों में आगे बढ़ाने की पहल है. इसके जरिए साहित्यिक-सांस्कृतिक संवाद, आलोचनात्मक विवेक और वैचारिक निर्भीकता की परंपरा को निरंतरता दी जाएगी.

आयोजन को प्रगतिशील लेखक संघ, विवेचना रंगमंडल, विवेचना थिएटर ग्रुप, रंगाभरण थिएटर ग्रुप, समागम रंगमंडल, रचना समय, मध्यप्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन और अन्विति सहित विभिन्न साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्थाओं का सहयोग प्राप्त है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-