मुजफ्फरनगर. उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में दिवाली की रात भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई. तितावी थाना क्षेत्र के जागाहेड़ी गांव के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार हुंडई ऑरा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई. हादसे के तुरंत बाद कार में आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. हादसे में एक महिला और बच्चे सहित छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई.
जींद से हरिद्वार जा रहे थे सभी छह लोग
जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग हरियाणा के जींद जिले के रहने वाले थे और हरिद्वार दर्शन के लिए जा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जागाहेड़ी के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क पर पलट गई. इसके बाद उसमें आग लग गई. मौके से गुजर रहे राहगीरों ने आग बुझाने और लोगों को बचाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि वे कार के पास नहीं पहुंच सके.
दमकल ने आग बुझाई, तब तक हो चुकी थी सभी की मौत
सूचना पर तितावी थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार में सवार सभी छह लोगों की मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. एसपी देहात संजय महाडिक और सीओ फुगाना ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

