नई दिल्ली. कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) में 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले से जुड़े कई अनकहे पहलुओं का खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि वह शुरू से ही प्रधानमंत्री बनने के पक्ष में नहीं थीं, लेकिन लोकसभा चुनाव में यूपीए की जीत के बाद गठबंधन के नेताओं के दबाव में एक बार उन्होंने अनिच्छा से हामी भर दी थी. हालांकि, बेटे राहुल गांधी की नाराजगी और बेटी प्रियंका गांधी के समर्थन के बाद उन्होंने अपने पुराने फैसले पर कायम रहने का निर्णय लिया.
इंदिरा और राजीव गांधी की हत्या का बच्चों के मन में था डर
सोनिया गांधी के मुताबिक, राहुल और प्रियंका दोनों उनके प्रधानमंत्री बनने के खिलाफ थे. दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या का गहरा असर दोनों के मन पर था. उन्हें आशंका थी कि प्रधानमंत्री बनने से मां की सुरक्षा को भी खतरा हो सकता है. किताब के अनुसार, 2004 के लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले जब दोनों ने सोनिया से पूछा कि चुनाव जीतने पर क्या वह प्रधानमंत्री बनेंगी, तो उन्होंने साफ कहा था, ‘बिल्कुल नहीं.’ इस जवाब से दोनों बच्चों ने राहत महसूस की थी.
गठबंधन नेताओं के दबाव में कह दिया था ‘ठीक है’
आत्मकथा में सोनिया गांधी ने 2004 के चुनाव नतीजों के बाद 10 जनपथ स्थित राजीव गांधी कॉन्फ्रेंस रूम में हुई बैठक का भी जिक्र किया है. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने प्रधानमंत्री बनने से इनकार किया, तो गठबंधन के वरिष्ठ नेता विरोध में खड़े हो गए. नेताओं ने उन पर फैसला बदलने का दबाव बनाया और कहा कि वे उनका इनकार स्वीकार नहीं करेंगे. अचानक बने इस माहौल से सोनिया घबरा गईं और धीमी आवाज में ‘ठीक है’ कह दिया. इसके बाद नेताओं ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया.
प्रियंका रो पड़ीं, राहुल ने पूछा- ‘हमारा क्या?’
सोनिया के मुताबिक, प्रियंका बैठक कक्ष के बाहर मौजूद थीं. मां के हामी भरने की बात सुनकर वह रोते हुए राहुल के कमरे में पहुंचीं. राहुल ने सोनिया से नाराजगी जताते हुए पूछा कि उन्होंने दबाव में आकर हां क्यों कह दी. सोनिया ने बताया कि नेता उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे और लगातार दबाव बना रहे थे. इस पर राहुल ने भावुक होकर कहा कि आप पर दबाव है, लेकिन परिवार का क्या होगा? प्रियंका ने भी मां को भरोसा दिलाया कि दोनों उनके साथ हैं और उन्हें किसी दबाव में फैसला बदलने की जरूरत नहीं है.
रातभर विचार के बाद सुबह लिया अंतिम फैसला
किताब के अनुसार, उस रात सोनिया गांधी काफी देर तक प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने या न करने को लेकर असमंजस में रहीं. उन्होंने अपने परिवार, देश और पार्टी के प्रति जिम्मेदारी पर विचार किया. अंततः उन्होंने तय किया कि उन्हें अपने मूल फैसले पर कायम रहना चाहिए. अगली सुबह वह राहुल के कमरे में पहुंचीं और साफ कर दिया कि वह प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी. यह सुनकर राहुल ने राहत जताई और मां को गले लगा लिया.
मनमोहन सिंह के नाम का किया था ऐलान
इसके बाद कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में सांसदों ने सोनिया गांधी से अपना फैसला बदलने की अपील की, लेकिन उन्होंने अंतरात्मा की आवाज का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने से इनकार कर दिया. इसके बाद उन्होंने नए प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह का नाम प्रस्तावित किया. उनके नाम की घोषणा होते ही सेंट्रल हॉल तालियों से गूंज उठा. राहुल और प्रियंका गांधी ने भी तालियां बजाकर फैसले का स्वागत किया. इस तरह 2004 में सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री बनने की अटकलों पर विराम लगा और डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में यूपीए सरकार बनने का रास्ता साफ हुआ.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


