किसानों पर रीवा भाजपा सांसद की टिप्पणी से नाराजगी, बोले- साल में सिर्फ तीन महीने करते हैं मेहनत

किसानों पर रीवा  भाजपा सांसद की टिप्पणी से नाराजगी, बोले- साल में सिर्फ तीन महीने करते हैं मेहनत

प्रेषित समय :13:58:33 PM / Tue, Nov 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रीवा. मध्य प्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा किसानों पर अपनी टिप्पणी को लेकर विवादों में घिर गए हैं. मऊगंज में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि किसान साल में सिर्फ तीन महीने मेहनत करते हैं, जबकि बाकी नौ महीने ताश खेलने और राजश्री, शराब व गांजा जैसी चीजों में समय बिताते हैं. सांसद के इस बयान पर किसानों ने नाराजगी जताते हुए विरोध शुरू कर दिया है.

दरअसल, मऊगंज जिले में आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्रा शामिल हुए थे. इस दौरान मंच से संबोधन करते हुए उन्होंने किसानों की कार्यशैली पर टिप्पणी की. उनके बयान के बाद किसान संगठनों और राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है.

खेती-किसानी सालभर का काम

क्षत्रिय किसान राजेंद्र प्रसाद ने सांसद के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि खेती केवल बुवाई और कटाई तक सीमित नहीं है. खेत तैयार करने, बीज और खाद की व्यवस्था, सिंचाई, फसल की देखरेख, कीटों से बचाव और कटाई तक किसान को लगातार मेहनत करनी पड़ती है. अलग-अलग फसलों और मौसम के अनुसार खेती का काम पूरे साल चलता रहता है. ऐसे में किसानों की मेहनत को महज तीन महीने तक सीमित बताना अनुचित और अपमानजनक है.

लागत और मौसम की चुनौतियों से जूझते हैं किसान

राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि किसानों को खेती के दौरान आर्थिक और प्राकृतिक चुनौतियों का भी सामना करना पड़ता है. कभी बारिश, सूखा और बेमौसम मौसम फसल को नुकसान पहुंचाते हैं तो कभी खाद-बीज की बढ़ती कीमतें और सिंचाई का खर्च परेशानी बढ़ाते हैं. इसके अलावा उपज का उचित मूल्य नहीं मिलना भी किसानों की बड़ी समस्या है. उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में किसानों की मेहनत को सिर्फ तीन महीने का काम बताना उनकी वास्तविक स्थिति की अनदेखी है. सांसद के बयान को लेकर किसानों में नाराजगी है और यह मुद्दा अब राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-